IND vs SA: रांची में भारत की शानदार जीत, विराट के शतक और रोहित के रिकॉर्ड ने मचाया धमाल

रांची. टेस्ट सीरीज में मिली करारी हार का बदला लेने भारतीय क्रिकेट टीम मैदान में उतरी और रोहित शर्मा तथा विराट कोहली की धमाकेदार वापसी ने टीम को जीत की राह दिखा दी. दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने 17 रन से शानदार जीत दर्ज की. रांची के जेसीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मैच में भारत ने 349 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 332 रन पर ढेर हो गई.
विराट का 82वां अंतरराष्ट्रीय शतक
विराट कोहली ने एक बार फिर साबित किया कि वह क्यों आधुनिक क्रिकेट के सबसे महान बल्लेबाजों में गिने जाते हैं. उन्होंने 120 गेंदों में 135 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. यह उनके वनडे करियर का 52वां शतक था. कप्तान केएल राहुल ने भी 56 गेंदों में 60 रन बनाकर अपनी जिम्मेदारी निभाई, जिसमें 3 छक्के और 2 चौके शामिल थे.
रोहित शर्मा ने रचा इतिहास
हिटमैन रोहित शर्मा ने इस मैच में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की. उन्होंने वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में पाकिस्तान के दिग्गज खिलाड़ी शाहिद अफरीदी को पीछे छोड़ते हुए नया विश्व रिकॉर्ड बनाया. रोहित के नाम अब 352 छक्के हैं, जबकि अफरीदी ने 1996 से 2015 के बीच 398 मैचों में 351 छक्के जड़े थे.
रोहित ने प्रेनेलन सुब्रयन की गेंद पर डीप मिडविकेट की ओर लगातार दो छक्के मारकर अफरीदी की बराबरी की. इसके बाद मार्को जानसेन की गेंद को डीप स्क्वायर लेग पर भेजकर उन्होंने यह रिकॉर्ड अपने नام किया. रोहित ने 51 गेंदों में 57 रन की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल थे. 2007 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले रोहित ने यह कारनामा अपनी 270वीं पारी में किया. रोहित और विराट ने दूसरे विकेट के लिए 109 गेंदों में 136 रन की मजबूत साझेदारी कर भारत को ठोस नींव प्रदान की.
दक्षिण अफ्रीका का जोरदार प्रतिरोध
350 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीकी टीम ने हार नहीं मानी. मैथ्यू ब्रीट्जे (72), मार्को जानसेन (70) और कॉर्बिन बॉश (67) ने शानदार पारियां खेलीं. टोनी डी जोर्जी ने 39 और डेवाल्ड ब्रेविस ने 37 रन का योगदान दिया. हालांकि, शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाजों में से दो का खाता नहीं खुला और कप्तान एडेन मार्करम केवल 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. अंततः दक्षिण अफ्रीकी टीम 49.2 ओवर में 332 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.
कुलदीप-हर्षित की घातक गेंदबाजी
भारतीय गेंदबाजों में कुलदीप यादव सबसे सफल रहे, जिन्होंने 4 विकेट अपने नाम किए. हर्षित राणा ने भी 3 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया. दक्षिण अफ्रीका की ओर से मार्को जानसेन, नांद्रे बर्गर, कॉर्बिन बॉश और ओटनील बार्टमैन ने 2-2 विकेट हासिल किए.
सीरीज का अगला मुकाबला 3 दिसंबर को रायपुर में खेला जाएगा, जहां भारत सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाने उतरेगा.





