वॉर्सेस्टर में भारतीय मूल के युवक की चाकू मारकर हत्या, पांच संदिग्ध गिरफ्तार

ब्रिटेन के वॉर्सेस्टर शहर में 25 नवंबर की सुबह एक 30 वर्षीय भारतीय मूल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वेस्ट मर्शिया पुलिस के मुताबिक, मृतक का नाम विजय कुमार श्योराण था, जो हरियाणा के चरखी दादरी का रहने वाला था और वहां पढ़ाई कर रहा था।
पुलिस टीम को सुबह करीब 4:15 बजे गंभीर रूप से घायल हालत में विजय मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उसी दिन उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि अभी तक हत्या की वजह सामने नहीं आई है।
मामले की जांच जारी है। पुलिस ने हत्या के शक में पांच लोगों को गिरफ्तार किया था, हालांकि उन्हें पूछताछ के बाद ज़मानत पर छोड़ दिया गया है।
जांच का नेतृत्व कर रहे डिटेक्टिव चीफ इंस्पेक्टर ली होलहाउस ने कहा, “पिछले कुछ दिनों में हमारी टीम लगातार यह पता लगाने में लगी है कि उस सुबह क्या हुआ और किस वजह से एक युवक की जान गई।” उन्होंने बताया कि सबूत इकट्ठा करने के लिए पुलिस टीमें वीकेंड पर भी बारबॉर्न रोड इलाके में मौजूद रहेंगी और स्थानीय लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
इधर, चरखी दादरी में मौजूद विजय के परिवार ने भारत के विदेश मंत्री से अपील की है कि उनके बेटे का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाने में मदद की जाए।





