मजेदार रील के साथ स्मृति मंधाना ने कन्फर्म की सगाई, फैंस ने लुटाया प्यार

भारतीय क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी और वर्ल्ड कप जीतने वाली स्मृति मंधाना ने अपनी सगाई की आधिकारिक घोषणा कर दी है। स्मृति ने अपने म्यूज़िक कंपोज़र बॉयफ्रेंड पलाश मुच्छल के साथ सगाई की खबर एक मज़ेदार सोशल मीडिया रील के ज़रिए साझा की।
वीडियो में उनके साथ टीम की खिलाड़ी जेमिमा रोड्रिग्स, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव और अरुंधति रेड्डी भी नजर आईं। सभी ने मिलकर फिल्म ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ के गाने ‘समझो हो ही गया’ पर एक छोटा-सा डांस सीक्वेंस तैयार किया था। वीडियो इंटरनेट पर कुछ ही देर में वायरल हो गया। वीडियो के आखिर में स्मृति ने कैमरे की तरफ अपना इंगेजमेंट रिंग दिखाया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर चल रही सगाई की चर्चाओं पर पूरी तरह मुहर लग गई।
View this post on Instagram
जैसे ही वीडियो अपलोड हुआ, फैंस ने कमेंट सेक्शन में प्यार की बौछार कर दी। किसी ने लिखा, “फाइनली स्मृति डांस कर रही है”, तो एक यूज़र ने इसे “आज का सबसे क्यूट वीडियो” बताया। कई लोगों ने उन्हें बधाइयाँ दीं और कहा कि वे आगे आने वाले वीडियो का इंतज़ार कर रहे हैं। सगाई की खबर नई तो है, लेकिन इशारे पहले ही मिल चुके थे। पिछले महीने इंदौर में स्टेट प्रेस क्लब के एक कार्यक्रम के दौरान पलाश मुच्छल ने कहा था कि स्मृति “जल्दी ही इंदौर की बहू बनने वाली हैं।” इस बयान के बाद से ही दोनों की शादी को लेकर चर्चाएं तेज़ हो गई थीं।
स्मृति मंधाना ने हाल ही में अपने करियर में भी शानदार प्रदर्शन किया है। आईसीसी विमेन्स ओडीआई वर्ल्ड कप में उन्होंने 9 पारियों में 434 रन बनाए। उनका औसत 54.22 रहा और उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच जीताने वाला शानदार शतक भी जड़ा।





