खेल

30 रन से हारा भारत, 15 साल बाद टीम इंडिया की जमीन पर प्रोटियाज़ की जीत

दक्षिण अफ्रीका ने भारत को पहले टेस्ट मैच में 30 रन से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। यह जीत प्रोटियाज़ के लिए खास रही क्योंकि टीम ने 15 साल बाद भारतीय जमीन पर कोई टेस्ट मैच जीता है। दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर साइमन हार्मर इस मुकाबले के हीरो रहे, जिन्होंने मैच में कुल 8 विकेट झटके। इसी जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने सीरीज़ में 1-0 की बढ़त बना ली है।

दक्षिण अफ्रीका पहली पारी में 159 पर ढेर

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका ने पचास रनों की तेज़ शुरुआत की। रयान रिकेलटन और एडन मार्कराम ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। लेकिन जसप्रीत बुमराह ने जल्द ही दोनों ओपनर्स को आउट कर मैच में वापसी दिलाई। इसके बाद कुलदीप यादव ने कप्तान टेम्बा बावुमा को पवेलियन भेज दिया।

टोनी डी ज़ोरज़ी और वियान मुल्डर साझेदारी बना ही रहे थे कि कुलदीप ने मुल्डर को आउट कर दिया। बुमराह ने ज़ोरज़ी का विकेट लेकर तीसरी सफलता दिलाई। मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल ने भी महत्वपूर्ण विकेट झटके। बुमराह ने आखिर में हार्मर और केशव महाराज को आउट कर पांच विकेट पूरे किए। पहली पारी में दक्षिण अफ्रीका सिर्फ 159 रन पर ऑलआउट हो गई।

भारत की पहली पारी—189 रन, 30 रन की बढ़त

भारत की शुरुआत भी खराब रही और यशस्वी जायसवाल जल्दी आउट हो गए। इसके बाद केएल राहुल और वॉशिंगटन सुंदर ने 50 रन की अहम साझेदारी की। लेकिन हार्मर ने सुंदर को आउट कर भारत को झटका दिया। इसी बीच कप्तान शुभमन गिल गर्दन की तकलीफ के कारण रिटायर्ड हर्ट हो गए।

केशव महाराज ने केएल राहुल को आउट किया, वहीं ऋषभ पंत तेज़ खेलते हुए 28 रन बनाकर आउट हुए। ध्रुव जोरैल और रवींद्र जडेजा भी जल्दी आउट हो गए। इसके बाद हार्मर ने लगातार विकेट लेकर भारत की पारी समेट दी। भारत 189 रन पर ऑलआउट हुआ और 30 रन की बढ़त हासिल की।

जडेजा का असर, तीसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका 153 पर सिमटी

तीसरी पारी में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, खासकर रवींद्र जडेजा ने 4 विकेट हासिल किए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से सिर्फ टेम्बा बावुमा ही टिक सके, जिन्होंने 55 रन बनाए और मैच में पहला अर्धशतक लगाया। पूरी टीम 153 रन पर आउट हो गई। भारत के सामने लक्ष्य था 124 रन का।

चौथी पारी में भारत ढहा, 93 पर ऑलआउट

124 रन का आसान लक्ष्य भी भारत हासिल नहीं कर सका। भारतीय बल्लेबाज़ लगातार अंतराल पर आउट होते रहे। साइमन हार्मर ने फिर कमाल दिखाया और 4 विकेट झटके। पूरी टीम मात्र 93 रन पर सिमट गई और भारत 30 रन से मैच हार गया।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button