विदेश

इस्लामाबाद की जिला अदालत के बाहर भीषण धमाका, 12 की मौत

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे जिला अदालत के बाहर एक भीषण धमाका हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज़ दूर-दूर तक सुनाई दी और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, 12 लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हुए हैं।

धमाका उस वक्त हुआ जब अदालत परिसर के पार्किंग एरिया में एक कार खड़ी थी। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, विस्फोट अचानक हुआ और उसके बाद चारों ओर धुआं और मलबा फैल गया। पुलिस और राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इस घटना को देश के लिए गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने कहा, “हम युद्ध की स्थिति में हैं। यह हमला अफगानिस्तान से जुड़े आतंकवाद का संकेत है, लेकिन पाकिस्तान इसे रोकने में पूरी तरह सक्षम है।” उन्होंने आगे कहा कि यह केवल सीमा या बलूचिस्तान का मामला नहीं, बल्कि पूरे देश की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है।

स्थानीय पुलिस के अनुसार, धमाके के समय अदालत क्षेत्र में भारी भीड़ और ट्रैफिक था। कई वकील और आम नागरिक इसकी चपेट में आ गए। पुलिस ने तुरंत कोर्ट परिसर को सील कर दिया और फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। धमाके के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सभी कोर्ट गतिविधियों को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमाका किस वजह से हुआ और क्या इसमें किसी आतंकी संगठन का हाथ है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे एहतियात बरतें और जांच में सहयोग करें। वहीं, अस्पतालों में आपातकालीन व्यवस्था लागू कर दी गई है और घायलों का इलाज जारी है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button