अररिया में पीएम मोदी का हमला: “जंगलराज वालों ने बिहार के सपने कुचल दिए”

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (6 नवंबर) को अररिया में जनसभा को संबोधित करते हुए महागठबंधन पर तीखा प्रहार किया. उन्होंने विशेष रूप से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को बिहार में ‘जंगलराज’ के दौर के लिए जिम्मेदार ठहराया.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि “जंगलराज वाले खुद को आपका माई-बाप बताते थे, खुद को शहंशाह समझते थे.” उन्होंने कहा कि उस दौर में बिहार ने कट्टा, क्रूरता, कटुता, कु-संस्कार, करप्शन और कुशासन का अनुभव किया — यही जंगलराज की पहचान बन गया था.
मतदान को बताया विकास की दिशा में पहला कदम
पीएम मोदी ने कहा कि आज बिहार को विकसित बनाने की दिशा में पहला चरण का मतदान चल रहा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर आ रही तस्वीरों का जिक्र करते हुए कहा, “सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें हैं. माताएं, बहनें और बेटियां बड़ी संख्या में वोट देने के लिए घरों से निकल रही हैं. नौजवानों में भी अभूतपूर्व उत्साह है. मैं सभी मतदाताओं का अभिनंदन करता हूं.”
“एक वोट ने बिहार को सामाजिक न्याय की भूमि बनाया”
प्रधानमंत्री मोदी ने मतदाताओं को संबोधित करते हुए कहा, “आपके दादा-दादी और नाना-नानी के एक वोट ने बिहार को सामाजिक न्याय की भूमि बनाया था. लेकिन 90 का दशक आते-आते बिहार पर जंगलराज हावी हो गया, जिसने राज्य की प्रगति रोक दी और माता-पिता के सपनों को कुचल दिया.”
कांग्रेस-RJD गठबंधन पर तंज: “नतीजे आने दीजिए, बाल नोचेंगे”
पीएम मोदी ने कांग्रेस और RJD के बीच बढ़ती तनातनी पर टिप्पणी करते हुए कहा, “कुछ दिनों पहले मैंने कांग्रेस-RJD के झगड़े का ज़िक्र किया था, जो अब और बढ़ गया है. कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को RJD के खिलाफ उतार दिया है. वे मीडिया में खुलकर बोल रहे हैं कि जंगलराज के दौरान दलितों, महादलितों और अति पिछड़ों पर सबसे ज्यादा अत्याचार हुए. अभी तो चुनाव हुए हैं, नतीजे आने दीजिए, ये एक-दूसरे के बाल नोचने लगेंगे.”
इंफ्रास्ट्रक्चर में क्रांति की बात
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने NDA सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार की कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रही है. उन्होंने कहा, “NDA के कार्यकाल में गंगा नदी पर चार नए पुल बनाए गए हैं, जिससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सफर आसान हुआ है. कोसी नदी पर तीन नए पुल तैयार हैं, जबकि तीन और पुलों का काम तेजी से जारी है. ये प्रोजेक्ट मिथिलांचल की किस्मत बदलने वाले हैं.”
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





