मुंबई एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट: इंडिगो विमान में बम की अफवाह से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

शनिवार सुबह एक बड़ी सुरक्षा चिंता के बीच जेद्दा से हैदराबाद जा रही इंडिगो की फ्लाइट (6E 68) को बम की धमकी मिलने के बाद मुंबई की ओर मोड़ दिया गया। बताया गया कि हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे को सुबह करीब 5:30 बजे एक ईमेल मिला, जिसमें चेतावनी दी गई थी कि विमान में “मानव बम” मौजूद है और LTTE-ISI संगठन “1984 के मद्रास एयरपोर्ट जैसी धमाका घटना” दोहराने की योजना बना रहे हैं।
ईमेल मिलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने तुरंत एक्शन लेते हुए विमान को मुंबई की ओर डायवर्ट किया। फ्लाइट ने मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्रियों को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे विमान की जांच की।
इंडिगो एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया और संबंधित अधिकारियों को तुरंत जानकारी दी गई। प्रवक्ता ने बताया, “हमने सुरक्षा एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग किया और यात्रियों को न्यूनतम असुविधा सुनिश्चित करने की कोशिश की। देरी के दौरान यात्रियों को रिफ्रेशमेंट और अपडेट भी दिए गए।”
मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, ताकि धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाया जा सके। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और फिलहाल विमान की गहन जांच जारी है।





