दिल्ली एयरपोर्ट पर आग का गोला बनी एअर इंडिया की बस, सामने आया वीडियो

मंगलवार (28 अक्टूबर) को दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 (T3) पर उस वक्त एक बड़ा हादसा हुआ जब एअर इंडिया की ग्राउंड हैंडलिंग सेवा प्रदाता कंपनी AI SATS की एक बस में अचानक आग लग गई. हालांकि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई क्योंकि उस वक्त उस बस में कोई यात्री सवार नहीं था.
#WATCH | दिल्ली एयरपोर्ट पर हादसा | दिल्ली एयरपोर्ट पर आग का गोला बनी बस | Delhi Airport#DelhiAirport #T3Terminalhttps://t.co/fmwJkYGUsR
— NewsMobile Samachar (@NewsMobileHindi) October 28, 2025
बता दें कि बस में आग लगने के कुछ देर बाद ही दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया. किसी के घायल होने या आसपास खड़े विमानों को नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है. एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.
दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है, जहां तीन टर्मिनल और चार रनवे मौजूद हैं. यह हर साल 100 मिलियन से अधिक यात्रियों को संभालने की क्षमता रखता है. टर्मिनल-3 (T3) दुनिया के सबसे बड़े टर्मिनलों में से एक है और यह प्रतिवर्ष करीब 40 मिलियन यात्रियों को सेवा प्रदान कर सकता है.
यह टर्मिनल घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानों के संचालन के लिए उपयोग होता है. इसकी निचली मंजिल आगमन क्षेत्र के रूप में और ऊपरी मंजिल प्रस्थान क्षेत्र के रूप में काम करती है. पिछले हफ्ते एयरपोर्ट ने अपने टर्मिनल-2 (T2) को नवीनीकरण के बाद फिर से शुरू किया, जिससे यात्रियों को और बेहतर सुविधाएं मिलने लगी हैं. इससे हवाई अड्डे की क्षमता और परिचालन दक्षता दोनों में सुधार होने की उम्मीद है.





