भारत

दिल्ली में पुराने वाहनों की नो एंट्री! 1 नवंबर से लागू होगा BS-6 नियम

दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को रोकने के लिए अब दिल्ली सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है. 1 नवंबर 2025 से राजधानी में बाहरी राज्यों के पुराने व्यावसायिक वाहनों की एंट्री पर बैन लग जाएगा. केवल वही वाहन दिल्ली में प्रवेश कर सकेंगे जिनमें BS-6 इंजन लगे हैं.

दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग ने इस संबंध में नोटिस जारी करते हुए कहा है कि नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम जैसे एनसीआर शहरों से रोजाना दिल्ली आने वाले पुराने कमर्शियल वाहनों पर इस फैसले का सीधा असर पड़ेगा. यह कदम दिवाली के बाद लगातार खराब हो रही वायु गुणवत्ता को देखते हुए उठाया गया है.

केवल व्यावसायिक वाहनों पर लागू होगा प्रतिबंध

यह पाबंदी केवल व्यावसायिक (Commercial) वाहनों पर लागू होगी. प्राइवेट गाड़ियों को इससे छूट दी गई है, यानी अगर आप अपनी निजी कार से सफर कर रहे हैं तो प्रवेश पर कोई रोक नहीं होगी. हालांकि, यह छूट भी केवल BS-6, CNG, LNG या इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए ही मान्य होगी.

दिल्ली में रजिस्टर्ड वे कमर्शियल वाहन जिनमें BS-4 इंजन लगे हैं, उन्हें 31 अक्टूबर 2026 तक राजधानी में चलने की अनुमति दी गई है. लेकिन दिल्ली से बाहर रजिस्टर्ड ऐसे वाहनों की एंट्री पर 1 नवंबर से रोक लग जाएगी.

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) का निर्देश

यह फैसला वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के दिशा-निर्देशों के बाद लिया गया है. आयोग ने 17 अक्टूबर को प्रदूषण की स्थिति की समीक्षा के बाद राज्य सरकारों को निर्देश जारी किए थे. इसके बाद दिल्ली परिवहन विभाग ने यह आदेश लागू करने का निर्णय लिया.

परिवहन विभाग ने सभी चेक प्वाइंट्स पर सख्त निगरानी के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी गैर-अनुमोदित वाहन को दिल्ली में प्रवेश से रोका जा सके.

किन वाहनों को मिलेगी छूट

इन वाहनों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति रहेगी:

  1. दिल्ली में रजिस्टर्ड व्यावसायिक वाहन
  2. BS-6 इंजन वाले डीजल वाहन
  3. CNG वाहन
  4. LNG वाहन
  5. इलेक्ट्रिक वाहन

प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए जारी रहेगा एक्शन

CAQM ने बढ़ते प्रदूषण स्तर को देखते हुए ग्रैप-2 (GRAP-II) चरण लागू कर दिया है. सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिवाली के बाद से दिल्ली-एनसीआर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगातार ‘गंभीर श्रेणी’ में बना हुआ है.

सरकार का मानना है कि पुराने वाहनों के प्रवेश पर रोक से वायु गुणवत्ता में सुधार लाने में मदद मिलेगी. आने वाले हफ्तों में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर और भी कदम उठाए जा सकते हैं.

If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here

 

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button