भारत

‘मन की बात’ में वंदे मातरम् के 150 साल, देशवासियों से उत्सव में भाग लेने की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह पर्व भारत की सांस्कृतिक, प्राकृतिक और सामाजिक एकता का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने बताया कि छठ घाटों पर समाज का हर वर्ग एक साथ दिखाई देता है — यही भारत की असली सामाजिक ताकत है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस त्योहारों के मौसम में उन्होंने देशवासियों को एक पत्र लिखा था और उस पर उन्हें लोगों से बहुत भावनात्मक प्रतिक्रियाएं मिली हैं। उन्होंने बताया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने पूरे देश को गर्व से भर दिया है और ‘GST बचत उत्सव’ को लेकर भी लोगों में खूब उत्साह है।

वंदे मातरम् के 150 वर्ष की शुरुआत

पीएम मोदी ने याद दिलाया कि भारत के राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की महिमा अनंत है। उन्होंने कहा कि केवल ‘वंदे मातरम्’ शब्द ही हर भारतीय के हृदय में देशभक्ति की ऊर्जा भर देता है। यह गीत बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने 19वीं सदी में लिखा था और 7 नवंबर से इसके 150 वर्ष पूरे होने का उत्सव शुरू होगा।

उन्होंने सभी देशवासियों से अपील की कि आने वाले कार्यक्रमों में सक्रिय भाग लें और ‘वंदे मातरम्’ को और गौरव दिलाएं।

मैंग्रोव संरक्षण का उल्लेख

मन की बात में पीएम मोदी ने बताया कि गुजरात के धोलेरा तट पर पिछले पांच वर्षों में मैंग्रोव जंगल 3,500 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में फैल चुके हैं। इसके कारण डॉल्फ़िन, केकड़े और प्रवासी पक्षियों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। कच्छ में ‘मैंग्रोव लर्निंग सेंटर’ भी स्थापित किया गया है।

भारतीय नस्लों के श्वानों पर गर्व

पीएम मोदी ने बताया कि BSF और CRPF अब भारतीय नस्ल के कुत्तों को बढ़ावा दे रहे हैं। टेकनपुर (ग्वालियर) में रैम्पुर और मुधोल हाउंड पर विशेष प्रशिक्षण हो रहा है, जबकि बेंगलुरु स्थित CRPF ट्रेनिंग स्कूल में मोंग्रेल्स, मुधोल, कोम्बई और पांडीकोना जैसी भारतीय नस्लों को तैयार किया जा रहा है।

उन्होंने BSF की मुधोल नस्ल की श्वान ‘रिया’ की बहादुरी का उदाहरण देते हुए बताया कि उसने ऑल इंडिया पुलिस ड्यूटी मीट में विदेशी नस्लों को पछाड़कर पहला स्थान हासिल किया था। छत्तीसगढ़ में एक अन्य भारतीय श्वान ने 8 किलो विस्फोटक का पता लगाकर बड़ी घटना टाल दी थी। प्रधानमंत्री ने अंत में 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती पर होने वाले ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में देशवासियों से जुड़ने की अपील की।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button