Bihar Election: तेजस्वी यादव बने महागठबंधन के सीएम फेस, गहलोत ने पटना में किया ऐलान

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन की ओर से बड़ा राजनीतिक ऐलान सामने आया है. अब यह आधिकारिक तौर पर तय हो गया है कि तेजस्वी यादव ही मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे. इस घोषणा के साथ ही लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लग गया है.
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, “हमारे नेता तो तेजस्वी यादव हैं. मुख्यमंत्री का चेहरा तेजस्वी ही होंगे. अब यह जनता को तय करना है कि एनडीए की ओर से कौन सामने आता है.”
#WATCH बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव को बिहार विधानसभा चुनावों के लिए महागठबंधन का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा, “…हम सभी ने तय किया है कि इस चुनाव में अगले मुख्यमंत्री के लिए तेजस्वी यादव के… pic.twitter.com/l3s2y9lFic
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 23, 2025
सीट बंटवारे की खींचतान पर सुलह
इससे पहले बुधवार को गहलोत ने बिहार प्रभारी कृष्ण अल्लावरू के साथ लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की थी. बैठक में राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे. सूत्रों के मुताबिक, बैठक के दौरान सीट बंटवारे और नेतृत्व को लेकर जारी मतभेद पर लगभग सहमति बन गई है.
गहलोत ने कहा कि गठबंधन में कुछ सीटों पर मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन इससे एकजुटता पर असर नहीं पड़ेगा.
“इतनी बड़ी लड़ाई में 5-6 सीटों पर फ्रेंडली फाइट कोई बड़ी बात नहीं है. महागठबंधन पूरी तरह एकजुट होकर मैदान में उतरेगा,”
उन्होंने कहा.
वहीं, कांग्रेस प्रभारी कृष्ण अल्लावरू ने स्पष्ट किया कि यह चुनाव सिर्फ सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि
“एनडीए को उखाड़ फेंकने की लड़ाई”
है.
243 सीटों पर 254 उम्मीदवारों की एंट्री
हालांकि, सीट बंटवारे की औपचारिक घोषणा से पहले ही महागठबंधन के घटक दलों ने अपने-अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए थे. 243 सीटों वाली विधानसभा के मुकाबले अब तक 254 उम्मीदवार मैदान में हैं, यानी कई जगह फ्रेंडली फाइट की स्थिति बन गई है.
इसके बावजूद, तेजस्वी यादव लगातार गठबंधन का चेहरा बनकर उभरे हैं. वे पहले से ही राजद (RJD) की ओर से प्रचार की अगुवाई कर रहे हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व एनडीए पर लगातार हमलावर हैं.
बिहार की सियासत में नई दिशा
इस घोषणा के बाद बिहार की राजनीति में नई हलचल मच गई है. एक ओर एनडीए अपने उम्मीदवार को लेकर अब तक मौन है, वहीं दूसरी ओर महागठबंधन ने साफ कर दिया है कि वह चुनावी मैदान में एकजुट होकर उतरने को तैयार है.
तेजस्वी यादव के सीएम फेस बनने से विपक्षी गठबंधन को एक स्पष्ट चेहरा मिला है, जो युवा नेतृत्व और परिवर्तन की राजनीति का संदेश देता है.
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





