भारत

तेजस्वी यादव का बड़ा चुनावी ऐलान: जीविका दीदियों को मिलेगी स्थायी सरकारी नौकरी, न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने एक बड़ा चुनावी दांव चल दिया है. पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने घोषणा की कि अगर उनकी सरकार बनती है तो राज्य की सभी कम्युनिटी मोबिलाइजर यानी जीविका दीदियों को स्थायी सरकारी नौकरी का दर्जा दिया जाएगा.

तेजस्वी यादव ने कहा, “जीविका दीदियों को अब अस्थायी नहीं बल्कि सरकारी कर्मचारी माना जाएगा. मैं जो घोषणा कर रहा हूं, उसे हर हाल में पूरा करूंगा.” उन्होंने बताया कि इन दीदियों को हर महीने कम से कम 30,000 रुपये सैलरी दी जाएगी.

आरजेडी नेता ने कहा कि जीविका दीदियों ने गांव-गांव में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, समाज को जोड़ने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने में बड़ी भूमिका निभाई है. उन्होंने कहा, “अब समय आ गया है कि उनके योगदान को सही सम्मान मिले. वर्षों से उनका शोषण होता रहा है, लेकिन अब इस अन्याय को खत्म किया जाएगा.”

कर्ज माफी और आर्थिक सहायता का वादा

तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में यह भी ऐलान किया कि जीविका दीदियों द्वारा लिए गए सभी ऋणों के ब्याज को माफ किया जाएगा. साथ ही अगले दो साल तक उन्हें ब्याज मुक्त ऋण देने की व्यवस्था की जाएगी.

उन्होंने कहा कि जीविका समूह की महिलाओं को अन्य सरकारी कार्यों में सहयोग के लिए हर महीने 2,000 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी. इसके साथ ही जीविका दीदियों को 5 लाख रुपये तक का बीमा कवर देने का भी वादा किया गया है.

तेजस्वी ने यह भी कहा कि जीविका समूह की अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष को अब मानदेय दिया जाएगा, जिससे उनके कार्यों को आर्थिक रूप से समर्थन मिल सके.

नई योजनाओं की घोषणा – BETI और माई योजना

तेजस्वी यादव ने अपने भाषण में दो नई योजनाओं की भी घोषणा की – “BETI योजना” और “माई योजना”. उन्होंने बताया कि “BETI” का अर्थ है Benefit, Education, Training और Income. इस योजना के तहत सरकार बेटियों के जन्म से लेकर आय के साधन तक हर कदम पर उनकी मदद करेगी.

“माई योजना” के तहत, तेजस्वी ने कहा, महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को नई दिशा दी जाएगी ताकि ग्रामीण स्तर पर महिलाएं नेतृत्व की भूमिका निभा सकें.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button