विदेश

2025 में पासपोर्ट पावर की नई लिस्ट जारी: सिंगापुर फिर नंबर-1, अमेरिका टॉप 10 से बाहर

दुनिया के सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट की नई रैंकिंग में इस बार बड़ा बदलाव देखने को मिला है। 20 साल के इतिहास में पहली बार अमेरिका का पासपोर्ट टॉप 10 से बाहर हो गया है। Henley Passport Index 2025 के मुताबिक, अब अमेरिकी पासपोर्ट 12वें स्थान पर है, जो मलेशिया के साथ साझा है। इस पासपोर्ट के धारक अब 227 में से 180 देशों में बिना वीजा या वीजा-ऑन-अराइवल के जा सकते हैं।

इस बार की रैंकिंग में एशियाई देशों ने फिर से बढ़त बनाए रखी है। सिंगापुर 193 देशों में वीजा-फ्री एंट्री के साथ पहले स्थान पर है, जबकि दक्षिण कोरिया (190) और जापान (189) दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। इन देशों ने अपने मजबूत कूटनीतिक संबंधों और व्यापारिक समझौतों की बदौलत यात्रियों के लिए यात्रा स्वतंत्रता बढ़ाई है।

अमेरिकी पासपोर्ट की गिरावट के कारण

अमेरिका और ब्रिटेन जैसे पश्चिमी देशों के पासपोर्ट की रैंकिंग गिरने की बड़ी वजह है कड़े वीजा नियम और नीतिगत बदलाव।

  • अप्रैल 2025 में ब्राजील ने अमेरिकी नागरिकों के लिए वीजा नियम दोबारा लागू कर दिए।

  • अमेरिका को चीन और वियतनाम के नए वीजा-फ्री देशों की सूची में जगह नहीं मिली।

  • वहीं जर्मनी और फ्रांस जैसे यूरोपीय देशों को अब चीन में वीजा-फ्री एंट्री मिल गई है, जिससे उनका पासपोर्ट और मजबूत हुआ है।

भारत की रैंकिंग में सुधार

वहीं, भारत की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। Henley Passport Index 2025 के मुताबिक, भारतीय पासपोर्ट अब 77वें स्थान पर पहुंच गया है। पिछले साल यानी 2024 में भारत 85वें स्थान पर था, जबकि 2021 में यह 90वें स्थान पर था।
अब भारतीय नागरिक लगभग 60 देशों में बिना वीजा या वीजा-ऑन-अराइवल सुविधा के साथ यात्रा कर सकते हैं।

हाल ही में भारत के लिए श्रीलंका और फिलीपींस ने वीजा-फ्री एंट्री की घोषणा की है। इसके अलावा भूटान, बारबाडोस, अंगोला, कंबोडिया और केप वर्डे जैसे देशों में भी भारतीयों को वीजा की झंझट नहीं झेलनी पड़ती।

2025 के टॉप 10 सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट

  1. सिंगापुर – 193 देश

  2. दक्षिण कोरिया – 190 देश

  3. जापान – 189 देश

  4. जर्मनी, इटली, लक्ज़मबर्ग, स्पेन, स्विट्ज़रलैंड – 188 देश

  5. ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, डेनमार्क, फिनलैंड, फ्रांस, आयरलैंड, नीदरलैंड्स – 187 देश

  6. ग्रीस, हंगरी, न्यूजीलैंड, नॉर्वे, पुर्तगाल, स्वीडन – 186 देश

  7. ऑस्ट्रेलिया, चेक रिपब्लिक, माल्टा, पोलैंड – 185 देश

  8. क्रोएशिया, एस्टोनिया, स्लोवाकिया, स्लोवेनिया, यूएई, यूके – 184 देश

  9. कनाडा – 183 देश

  10. लातविया, लिकटेंस्टीन – 182 देश

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button