RSS के शताब्दी समारोह के अवसर पर पीएम ने जारी किए डाक टिकट और सिक्के

दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी समारोह के अवसर पर राष्ट्र के प्रति उसके योगदान को दर्शाने वाला एक विशेष रूप से डिज़ाइन किया गया स्मारक डाक टिकट और सिक्का जारी किया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “कल हमारे पुराने स्वयंसेवक और संघ के हर मोड़ पर कहीं ना कहीं उनका स्थान रहा है, ऐसे विजय कुमार मल्होत्रा जी को हमने खो दिया है. मैं सबसे पहले उनको आदरपूर्वक श्रद्धांजलि देता हूं.”
“आज महानवमी है. आज देवी सिद्धिदात्री का दिन है. मैं सभी देशवासियों को नवरात्रि की बधाई देता हूं. कल विजयादशमी का महापर्व है. अन्याय पर न्याय की जीत, असत्य पर सत्य की जीत, अंधकार पर प्रकाश की जीत, विजयादशमी भारतीय संस्कृति के इस विचार और विश्वास का कालजयी उद्घोष है.” PM Modi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “ये हमारी पीढ़ी के स्वयंसेवकों का सौभाग्य है कि हमें संघ के शताब्दी वर्ष जैसा महान अवसर देखने को मिल रहा है. मैं आज इस अवसर पर राष्ट्र सेवा को समर्पित कोटि-कोटि स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं देता हूं, अभिनंदन करता हूं. संघ के संस्थापक, हम सभी के आदर्श परम पूज्य डॉ. हेडगेवार जी के चरणों में श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “संघ की 100 वर्ष की इस गौरवमयी यात्रा की स्मृति में आज भारत सरकार ने विशेष डाक टिकट और स्मृति सिक्के जारी किए हैं. 100 रुपए के सिक्के पर एक ओर राष्ट्रीय चिन्ह है और दूसरी ओर सिंह के साथ वरद-मुद्रा में भारत माता की भव्य छवि है.”





