बिहार चुनाव 2025: निर्वाचन आयोग ने जारी की फाइनल वोटर लिस्ट, अगले हफ्ते होगा तारीखों का ऐलान

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। भारत निर्वाचन आयोग ने हाल ही में कराए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद राज्य की फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी है। इस सूची को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ पर प्रकाशित किया गया है। इसी अंतिम मतदाता सूची के आधार पर बिहार में चुनाव संपन्न होंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि 30 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। मतदाता आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपने नाम का विवरण देख सकते हैं।
बताया जा रहा है कि इस बार की सूची में बिहार के 7.24 करोड़ से अधिक मतदाता शामिल हैं। दावा-आपत्ति के दौरान 16 लाख से ज्यादा नागरिकों ने फॉर्म-6 भरकर जमा किया था। इनमें से 36,475 ने नाम जोड़ने की मांग की, जबकि 2,17,049 लोगों ने नाम हटाने के लिए आवेदन किया। वहीं करीब तीन लाख मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं करने पर नोटिस जारी किया गया।
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम सूची में मृतक, स्थानांतरित और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। फाइनल वोटर लिस्ट जारी होने के बाद अब आयोग की टीम 4 और 5 अक्टूबर को पटना का दौरा करेगी और तैयारियों का जायजा लेगी। इसके बाद अगले सप्ताह किसी भी दिन चुनाव की तारीखों की घोषणा की जा सकती है।
संभावना जताई जा रही है कि मतदान का पहला चरण दिवाली और छठ महापर्व के बाद, यानी अक्टूबर के अंत या नवंबर के पहले सप्ताह में होगा। बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों का कार्यकाल 22 नवंबर को खत्म हो रहा है, इसलिए इससे पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। माना जा रहा है कि इस बार भी चुनाव तीन चरणों में संपन्न हो सकते हैं।





