दक्षिण बंगाल में अगले सात दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान

बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव (Low Pressure) के क्षेत्र के कारण देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि यह सिस्टम 25 सितंबर (गुरुवार) को बना है और शनिवार को ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों से टकरा सकता है। इसके चलते दुर्गा पूजा के दौरान पश्चिम बंगाल, खासकर दक्षिण बंगाल में बारिश हो सकती है।
IMD ने कहा है कि दक्षिण बंगाल के कई जिलों में अगले सात दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। दक्षिण 24 परगना, झाड़ग्राम, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में अगले दो दिनों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा सरकार ने राज्य के 18 जिलों को हाई अलर्ट पर रखा है। मौसम विभाग ने कोरापुट और मलकानगिरी जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है, जबकि दक्षिण ओडिशा के अन्य हिस्सों में भी भारी वर्षा की संभावना है।
महाराष्ट्र में भी इस सिस्टम का असर दिखाई देगा। राज्य के कई हिस्सों में 26 से 28 सितंबर के बीच बादल छाए रहेंगे और बारिश हो सकती है। राज्य में मानसून के 5 अक्टूबर से पहले लौटने की संभावना नहीं है। इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार (26 सितंबर) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और राज्य में भारी बारिश से प्रभावित किसानों की मदद की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा और किसानों के नुकसान के बारे में जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों को दिए गए कर्जमाफी के वादे को जरूर पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि एक समिति बनाई गई है जो इस पर फैसला करेगी कि कर्जमाफी को ज्यादा प्रभावी कैसे बनाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि खरीफ फसल के लिए लिए गए कर्ज को अगले साल चुकाना होगा, इसलिए किसानों को तुरंत आर्थिक मदद देना सरकार की प्राथमिकता है।





