एशिया कप 2025: फाइनल से पहले भारत का श्रीलंका से आखिरी मुकाबला आज

दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में आज भारत और श्रीलंका के बीच एशिया कप 2025 सुपर-4 का अंतिम मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच का अंक तालिका पर कोई असर नहीं पड़ेगा। भारत पहले ही पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को होने वाले फाइनल में जगह बना चुका है, जबकि श्रीलंका लगातार बांग्लादेश और पाकिस्तान से हारने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है। ऐसे में यह मैच भारत के लिए फाइनल से पहले अपनी तैयारियों को परखने का मौका होगा।
टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ा सवाल विकेटकीपर-बल्लेबाज़ संजू सैमसन की बल्लेबाज़ी क्रम को लेकर है। सैमसन मिडिल ऑर्डर में फ्लोटर की भूमिका में अब तक प्रभावित नहीं कर पाए हैं। ऐसे में मैनेजमेंट आईपीएल में अपनी फिनिशिंग क्षमता दिखा चुके जितेश शर्मा को इस ‘डेड रबर’ मैच में मौका दे सकता है।
फील्डिंग पर भी टीम इंडिया की नज़र होगी। टीम अब तक टूर्नामेंट में 10 कैच छोड़ चुकी है, जिनमें से 5 कैच बांग्लादेश के खिलाफ छूटे थे। रहस्यमयी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने माना कि दुबई के “रिंग ऑफ फायर” फ्लडलाइट्स में कैच लेना मुश्किल होता है, लेकिन फाइनल से पहले सुधार जरूरी है।
भारतीय टीम जसप्रीत बुमराह को आराम देने पर भी विचार कर सकती है, ताकि दूसरे खिलाड़ियों को ज्यादा गेम टाइम मिले। वहीं श्रीलंका अपनी इज्ज़त बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगा।
संभावित प्लेइंग 11
भारत: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
श्रीलंका: पथुम निसांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कुसल परेरा, चरित असलंका (कप्तान), दासुन शनाका, कमिंदु मेंडिस, चामिका करुणारत्ने, वानिंदु हसरंगा, महीश तीक्षाना, दुष्मंथा चमीरा, नुवान तुषारा।





