भारत

गुजरात के गांधीनगर में गरबा कार्यक्रम के दौरान दो समुदायों में झड़प, हालात तनावपूर्ण

गुजरात के गांधीनगर जिले के दहेगाम तहसील के बहियाल गांव में बुधवार देर रात गरबा कार्यक्रम के दौरान दो समुदायों के बीच तनाव फैल गया। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।

जानकारी के अनुसार, गांव के एक युवक ने सोशल मीडिया पर ‘I Love Mahadev’ ट्रेंड को लेकर पोस्ट की थी, जो ‘I Love Mohammad’ ट्रेंड के जवाब में मानी गई। यह पोस्ट दूसरे समुदाय के लोगों को आपत्तिजनक लगी, जिसके बाद कुछ लोग युवक की दुकान पर पहुंच गए। युवक तो वहां से निकल गया, लेकिन गुस्साई भीड़ ने उसकी दुकान में तोड़फोड़ की और फिर आग लगा दी। इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग दुकान में घुसकर उसे नुकसान पहुंचाते नजर आ रहे हैं।

घटना के दौरान भीड़ ने कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया, जिसमें पुलिस के दो वाहन भी शामिल हैं। इसके अलावा आठ से अधिक निजी वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। पथराव और लाठी-डंडों से लैस लोगों की वीडियो भी सामने आई है। एक वायरल वीडियो में महिलाओं की चीख-पुकार भी सुनी जा सकती है।

हिंसा के बाद गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल किसी के मारे जाने की खबर नहीं है, लेकिन कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर कोई भड़काऊ या विवादित पोस्ट न करें और शांति बनाए रखें।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button