भारत

अरुणाचल में पीएम मोदी का दौरा, बड़े प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अरुणाचल प्रदेश की राजधानी इटानगर में 5,100 करोड़ रुपये से अधिक के महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम इंदिरा गांधी पार्क में आयोजित किया गया।

पीएम मोदी ने शि योमी जिले में दो बड़े जलविद्युत प्रोजेक्ट्स और तवांग में एक कन्वेंशन सेंटर की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं पूर्वोत्तर के लिए अष्टलक्ष्मी के समान हैं और केंद्र सरकार की नीतियां इन राज्यों के समग्र विकास और सशक्तिकरण के लिए हैं। उन्होंने पिछले कई वर्षों में पिछली सरकारों द्वारा अरुणाचल प्रदेश के विकास की अनदेखी की तुलना में केंद्र की उपलब्धियों पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि उनका अरुणाचल दौरा तीन कारणों से विशेष है। पहला, नवरात्र के शुभ अवसर पर हिमालय की गोद में स्थित इस भूमि पर मां शैलपुत्री का आशीर्वाद प्राप्त हुआ। दूसरा, देश में नए GST सुधार लागू हुए और ‘GST बचत उत्सव’ की शुरुआत हुई। तीसरा, अरुणाचल प्रदेश में कई बड़े प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया गया, जो राज्य के विकास को नई गति देंगे। उन्होंने तवांग मठ से नमसाई तक अरुणाचल प्रदेश को शांति और संस्कृति का प्रतीक बताया।

सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कभी भी पूर्वोत्तर को राजनीति के आधार पर नहीं मापा। उन्होंने कहा कि देश तभी आगे बढ़ेगा जब नॉर्थ ईस्ट आगे बढ़ेगा। 2014 से पहले पूर्वोत्तर नकारात्मक रूप में देखा जाता था, लेकिन अब यह विकास का इंजन बनकर देश की प्रगति में योगदान दे रहा है।

पीएम मोदी ने स्थानीय व्यापारियों, उद्योगपतियों और करदाताओं के साथ GST दरों में हालिया सुधारों के प्रभाव पर चर्चा की। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं को सुना और आश्वस्त किया कि सरकार आर्थिक गतिविधियों को सुचारू बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री ने ‘गर्व से कहो ये स्वदेशी है’ अभियान के तहत पोस्टर भी वितरित किए। उन्होंने व्यापारियों को स्थानीय उत्पादों के उपयोग और प्रचार के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

ताटो-I प्रोजेक्ट: 186 मेगावाट क्षमता वाला यह प्रोजेक्ट अरुणाचल प्रदेश सरकार और एनईईपीसीओ के संयुक्त प्रयास से 1,750 करोड़ रुपये की लागत में विकसित होगा और सालाना 802 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन करेगा।

हेओ प्रोजेक्ट: 240 मेगावाट क्षमता वाला यह प्रोजेक्ट 1,939 करोड़ रुपये की लागत में विकसित होगा और सालाना 1,000 मिलियन यूनिट बिजली देगा।

कन्वेंशन सेंटर, तवांग: 145.37 करोड़ रुपये की लागत से 1,500 लोगों की क्षमता वाला यह सेंटर वैश्विक मानकों के अनुसार बनेगा और पर्यटन व सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा।

इसके अलावा, पीएम मोदी ने स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी और फायर सेफ्टी समेत विभिन्न सेक्टरों में 1,290 करोड़ रुपये से अधिक की अन्य परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button