चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है… 3 हफ्ते बाद खुला माता वैष्णो का दरबार

चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है… नवरात्री की शुरुआत से पहले माता वैष्णो देवी धाम एक बार फिर से ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज उठा है. पूरे 3 हफ्ते बाद एक बार फिर भक्तों के लिए माता का दरबार खुल चुका है.
लगातार 22 दिनों तक रुकी रही मां वैष्णो देवी यात्रा 17 सितंबर, बुधवार को श्रद्धालुओं के लिए फिर से शुरू हो गई है. हालांकि, मौसम खराब होने पर यात्रा को तत्काल स्थगित कर दिया जाएगा. बता दें कि लैंडस्लाइड की घटना के बाद यात्रा 26 अगस्त को स्थगित कर दी गई थी. इस हादसे में 34 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी और 20 अन्य घायल हुए थे.
बता दें कि इससे पहले 14 सितंबर को इस यात्रा को शुरू करने की घोषणा की कई थी, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण इसे नहीं शुरू किया गया.
श्राइन बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि यात्रा सुबह 6 बजे से दोनों मार्गों पर शुरू की गई. श्रद्धालुओं को वैध पहचान पत्र रखना अनिवार्य है और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए रेडियो फ्रीक्वेंसी आधारित ट्रैकिंग लागू की गई है. साथ ही यात्रियों को सुरक्षा बल और जमीनी कर्मचारियों से सहयोग करने की सलाह दी गई है.
आज से फिर शुरू हुई माता वैष्णो देवी यात्रा
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “जय माता दी…वैष्णो देवी यात्रा 17 सितंबर, 2025 (बुधवार) से अनुकूल मौसम की स्थिति में पुनः शुरू होगी. भक्तों से अनुरोध है कि वे आधिकारिक संचार माध्यमों के जरिए जानकारी लेते रहें.” श्राइन बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक यात्रा का दोबारा शुरू होना हमारी सामूहिक आस्था और हौसले का प्रतीक है.
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





