Asia Cup 2025: PCB को बड़ा झटका, ICC ने खारिज की PCB की मांग

एशिया कप के दौरान हुए हैंडशेक विवाद में नया मोड़ सामने आया है. भारत पाकिस्तान हैंडशेक विवाद पर अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को अपना फैसला सुना दिया है. इस मामले की जांच के बाद ICC ने PCB को सूचित किया कि कुछ भी गलत या असामान्य नहीं हुआ है.
सूत्रों के मुताबिक, एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के कुछ अधिकारी, जिनमें PCB के इंटरनेशनल क्रिकेट डायरेक्टर भी शामिल थे, पहले से जानते थे कि दोनों कप्तानों के बीच हैंडशेक नहीं होगा.
रविवार, 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच मैच हुआ था, जिसमें भारत ने 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. इस मैच में जब टॉस हुआ तो सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया, न ही टीम शीट बदली. मैच के दौरान भी भारतीय प्लेयर्स ने उनके साथ कोई बातचीत नहीं की और जैसे ही सूर्यकुमार यादव ने विनिंग शॉट लगाया तो सीधा शिवम दुबे के साथ ड्रेसिंग रूम की तरफ चले गए.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस बेइज्जती का दोषी मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को मान रहा है. पीसीबी के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने एक्स अकाउंट पर लिखा था, “मैच रेफ़री ने ICC कोड ऑफ़ कंडक्ट और स्पिरिट ऑफ़ क्रिकेट को लेकर एमसीसी लॉ का जो उल्लंघन किया है, उसे लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी से शिकायत की है.’
PCB ने ICC को भेजे गए एक पत्र में सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा था कि अगर एंडी पाइक्रॉफ्ट को हटाया नहीं गया, तो वे टूर्नामेंट से अपनी टीम वापस ले लेंगे. गौरतलब है कि पाकिस्तान का अगला मुकाबला कल संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ होना है. अब देखना होगा कि यह विवाद टीम के प्रदर्शन पर क्या असर डालता है.





