काशी पहुँचे पीएम मोदी, शहर में उमड़ा स्वागत का सैलाब

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को अपने 52वें दौरे पर काशी पहुंचे। सुबह वे वायुसेना के विशेष विमान से बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे, जहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक सहित कई वरिष्ठ मंत्रियों ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर मुख्य सचिव और डीजीपी भी मौजूद रहे।
एयरपोर्ट से निकलने के बाद पीएम मोदी का काफिला सड़क मार्ग से ताज होटल पहुंचा। रास्ते भर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। जगह-जगह हर-हर महादेव और “मोदी-मोदी” के नारों से माहौल गूंज उठा। ताज होटल पहुंचने पर भी प्रधानमंत्री का फूलों से भव्य स्वागत किया गया।
पीएम मोदी होटल में मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम की मेजबानी करेंगे और द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। माना जा रहा है कि इस मुलाकात से भारत और मॉरीशस के रिश्ते और मजबूत होंगे।
काशी में प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही पुलिस लाइन चौराहे, मिंट हाउस और नदेसर जैसे प्रमुख मार्गों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। शहर में भगवा रंग का माहौल देखने को मिला।
भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने अपने अंदाज में स्वागत किया। इस दौरान एमएलसी धर्मेंद्र राय ने भोजपुरी गीत गाकर पीएम मोदी की प्रशंसा की। वहीं स्थानीय पार्षदों और नेताओं ने भी काशी में प्रधानमंत्री और मॉरीशस के प्रधानमंत्री के आगमन पर खुशी जताई।





