मौसम

15 सितंबर के बाद लौटेगी भारी बारिश, मौसम विभाग ने किया अलर्ट

दो दिन की राहत के बाद मंगलवार को राजधानी भोपाल फिर से तर-बतर हो गई। सुबह धूप-छांव का मौसम रहा, लेकिन दोपहर बाद घने बादल छा गए और करीब ढाई घंटे तक झमाझम बारिश का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान शहर की सड़कों पर पानी भर गया और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई जगहों पर यातायात बाधित हुआ और लोगों को लंबे जाम से गुजरना पड़ा।

मौसम विभाग के मुताबिक, अभी प्रदेश में बना सिस्टम कमजोर है, लेकिन 15 सितंबर के बाद एक नया और मजबूत सिस्टम सक्रिय होगा जिससे पूरे मध्य प्रदेश में भारी बारिश का दौर लौटने की संभावना है। बुधवार को मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।

दोपहर बाद हुई बारिश ने राजधानी के मौसम को पूरी तरह बदल दिया। अरेरा हिल्स स्थित मौसम केंद्र पर 60 मिमी और बैरागढ़ में 35 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश से पहले दोपहर 2:30 बजे तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस था, जो शाम 5:30 बजे तक गिरकर 24.4 डिग्री पर आ गया।

तेज बारिश के बाद शहर के कई अंडरब्रिज और सड़कों पर पानी भर गया। सुभाष नगर अंडरब्रिज में जलभराव होने से वाहन चालक रांग साइड से निकलने लगे, जिससे लंबा जाम लग गया। मैदामिल रोड और बावड़िया ब्रिज के पास भी इसी तरह की स्थिति रही। बाणगंगा, व्यापमं चौराहा और हमीदिया रोड पर भी घुटनों तक पानी भर गया।

बारिश और बादलों के कारण शहर में शाम सरीखा नजारा दिखा। करीब 4:30 बजे विजिबिलिटी घटकर सिर्फ 50 मीटर रह गई, जो शाम 5:30 बजे तक बढ़कर 1200 मीटर हुई। यह सीजन की अब तक की सबसे कम विजिबिलिटी रही।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button