विदेश

ट्रंप की पोस्ट पर चुप्पी लेकिन रिश्तों पर भरोसा – MEA का स्पष्ट संदेश

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत को रूस और चीन के साथ जोड़ने वाले बयान पर भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने फिलहाल कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। हाल ही में चीन के तियानजिन में हुई शंघाई सहयोग संगठन (SCO) समिट के बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया पर यह बयान दिया था। MEA प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने कहा, “इस पोस्ट पर इस समय मेरी कोई टिप्पणी नहीं है।”

ट्रंप ने अपने प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा था, “लगता है हमने भारत और रूस को गहरे, अंधेरे चीन के हवाले कर दिया। उम्मीद है कि इनका भविष्य लंबा और समृद्ध होगा।” यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका ने हाल ही में भारतीय सामान पर भारी टैरिफ लगाए हैं और रूसी तेल के आयात पर 25% पेनल्टी लगाई है।

बाद में प्रवक्ता जायसवाल ने कहा कि भारत-अमेरिका साझेदारी बेहद अहम है और यह “साझा हितों, लोकतांत्रिक मूल्यों और मजबूत आपसी रिश्तों” पर आधारित है। उन्होंने कहा, “यह साझेदारी कई बदलावों और चुनौतियों से गुजरी है और और मजबूत हुई है। हम उस ठोस एजेंडे पर फोकस कर रहे हैं जिस पर दोनों देशों ने सहमति जताई है। हमारा प्रयास है कि आपसी सम्मान और साझा हितों के आधार पर यह रिश्ता आगे बढ़े।”

जायसवाल ने बताया कि दोनों देशों के बीच रक्षा और कूटनीतिक स्तर पर लगातार बातचीत जारी है। इसमें अलास्का में संयुक्त सैन्य अभ्यास और हाल ही में हुई 2+2 इंटर-सेशनल बैठक शामिल है। उन्होंने कहा, “हम इस साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” व्यापार को लेकर उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच बातचीत जारी है। साथ ही, भारत क्वाड (Quad) समूह में भी सक्रिय है, जिसमें अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। इसे उन्होंने “साझा हितों पर चर्चा का महत्वपूर्ण मंच” बताया।

यूक्रेन युद्ध को लेकर प्रवक्ता ने कहा, “हम शांति स्थापित करने के हाल के सभी प्रयासों का स्वागत करते हैं। उम्मीद है कि सभी पक्ष रचनात्मक रूप से आगे बढ़ेंगे। भारत चाहता है कि जल्द से जल्द युद्ध खत्म हो और स्थायी शांति स्थापित हो।”

भारत सरकार पहले ही साफ कर चुकी है कि वैश्विक ताकतों के साथ उसके रिश्ते उनकी “अपनी अहमियत पर आधारित” हैं और इन्हें किसी तीसरे देश के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button