इस्लामाबाद में हाई-लेवल मीटिंग, US और ईरान के बीच डायलॉग तेज

इस्लामाबाद: अब्बास अराघची शुक्रवार रात पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पहुंच सकते हैं। यहां वे अमेरिका के साथ शांति वार्ता के दूसरे दौर में हिस्सा लेंगे। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस अहम बैठक की तैयारियां पहले से ही शुरू हो चुकी हैं।
रिपोर्ट्स में बताया गया है कि अमेरिका की एक लॉजिस्टिक्स और सुरक्षा टीम पहले ही इस्लामाबाद पहुंच चुकी है। अराघची एक छोटी टीम के साथ इस वार्ता में शामिल हो सकते हैं, क्योंकि दोनों देशों के बीच बातचीत को फिर से शुरू करने की कोशिशें तेज हो गई हैं।
इससे पहले पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार और अराघची के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान अमेरिका-ईरान के बीच संघर्षविराम और पाकिस्तान की मध्यस्थता की कोशिशों पर चर्चा हुई। पहले दौर की बातचीत 11 और 12 अप्रैल को हुई थी, लेकिन उसमें कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया था। इसके बाद पाकिस्तान ने दोनों देशों के बीच तनाव कम करने और बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए फिर से पहल की है।
दरअसल, इस पूरे तनाव की शुरुआत 28 फरवरी को हुई थी, जब अमेरिका और इज़राइल ने ईरान पर संयुक्त हमले किए थे। इसके बाद क्षेत्र में हालात काफी तनावपूर्ण हो गए।
फिलहाल संघर्षविराम लागू है, लेकिन इसे बनाए रखना चुनौती बना हुआ है। ऐसे में शांति वार्ता का यह दूसरा दौर बेहद अहम माना जा रहा है, जिससे आगे तनाव कम करने और किसी समाधान की उम्मीद की जा रही है।




