मनोरंजन

शिल्पा-राज पर 60 करोड़ का धोखाधड़ी केस! पुलिस ने जारी किया लुकआउट नोटिस

मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। दोनों पर एक कारोबारी को करीब 60 करोड़ रुपये का चूना लगाने का आरोप है। यह मामला उनकी अब बंद हो चुकी कंपनी बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा है। आर्थिक अपराध शाखा (EOW) के मुताबिक, पुलिस अब शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के ट्रैवल रिकॉर्ड की जांच कर रही है। कंपनी के ऑडिटर को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

कारोबारी दीपक कोठारी का आरोप है कि 2015 से 2023 के बीच शिल्पा और राज ने बिजनेस बढ़ाने के नाम पर उससे 60 करोड़ रुपये लिए, लेकिन यह रकम उन्होंने अपने निजी खर्चों में लगा दी। कहा जा रहा है कि यह रकम पहले लोन के तौर पर ली गई थी, लेकिन बाद में इसे निवेश दिखाया गया, ताकि टैक्स बचाया जा सके।

दीपक कोठारी का दावा है कि उसे आश्वासन दिया गया था कि तय समय में रकम लौटाई जाएगी और उस पर 12% सालाना ब्याज भी मिलेगा। साथ ही, शिल्पा शेट्टी ने अप्रैल 2016 में लिखित गारंटी भी दी थी। लेकिन कुछ महीनों बाद उन्होंने कंपनी से डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया। व्यापारी का कहना है कि बाद में उसे पता चला कि कंपनी के खिलाफ 1.28 करोड़ रुपये का दिवालियापन केस भी चल रहा था, जिसके बारे में उसे कभी नहीं बताया गया।

हालांकि, शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है और कहा है कि यह झूठा और दुर्भावनापूर्ण केस है, जिसका मकसद उनकी छवि खराब करना है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button