बीड़ी और बिहार… कांग्रेस का ट्वीट बना बड़ा बवाल!

हाल ही में जीएसटी रिफॉर्म के तहत बीड़ी पर टैक्स कम करने का फैसला लिया गया है। इसी को लेकर केरल कांग्रेस ने एक ऐसा ट्वीट किया, जिसने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। इस ट्वीट में बीड़ी और बिहार की तुलना की गई, जिसके बाद बीजेपी और जेडीयू ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
केरल कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक चार्ट शेयर किया, जिसमें तंबाकू उत्पादों पर जीएसटी दरों का जिक्र था। चार्ट के मुताबिक, तंबाकू, सिगरेट और सिगार पर जीएसटी को 28% से बढ़ाकर 40% कर दिया गया है। लेकिन बीड़ी पर जीएसटी घटाकर 28% से 18% कर दिया गया। इसके साथ ही ट्वीट में लिखा गया – “बीड़ी और बिहार दोनों ‘B’ से शुरू होते हैं। अब इन्हें पाप नहीं माना जा सकता।” यही लाइन विवाद की वजह बनी।
बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ट्वीट को बिहार और बिहारियों का अपमान करार दिया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने एक बार फिर अपनी बिहार विरोधी मानसिकता दिखा दी है। बिहारियों की तुलना बीड़ी से करना बेहद शर्मनाक है।”
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि यह पहली बार नहीं है। “डीएमके के नेताओं ने बिहारियों को पानी पूरी बेचने वाला और टॉयलेट क्लीनर कहा था। रेवंत रेड्डी ने बिहार के डीएनए पर सवाल उठाया था।” पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस का यह रवैया कभी माफ नहीं किया जाएगा।
Congress crosses the line again
After abusing PM @narendramodi ji mother now compares Bihar with Bidi !
Does Tejaswi Yadav endorse this?
From Revanth Reddy to DMK To Congress- their hatred for Bihar is evident.. https://t.co/XFtyhG2q47 pic.twitter.com/BG26lmG6Rj
— Shehzad Jai Hind (Modi Ka Parivar) (@Shehzad_Ind) September 5, 2025
जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, “बिहार की पहचान बीड़ी से नहीं है। बिहार बुद्धिमान और सम्मान के लिए जाना जाता है। यह सीता और सूफी संतों की धरती है।” उन्होंने कहा कि महागठबंधन के सहयोगी दलों के नेताओं को बिहार का अपमान करना आदत हो गई है।
उन्होंने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा, “अब गेंद आपके पाले में है। केवल उम्मीदवार बनने के लिए पैर धोने तक मत रहिए।” विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस की तरफ से बयान आया कि बिहार में आगामी चुनाव को देखते हुए बीड़ी पर जीएसटी घटाया गया है। वहीं, जेडीयू नेता संजय झा ने ट्वीट को कांग्रेस की शर्मनाक हरकत बताया।





