विदेश

यूके में सड़क हादसा: हैदराबाद के दो छात्रों की मौत, पांच घायल

ब्रिटेन के एसेक्स में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तेलंगाना के हैदराबाद के दो भारतीय छात्रों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना सुबह करीब 4:15 बजे रेली स्पर राउंडअबाउट के पास हुई, जब नौ भारतीय छात्र गणेश विसर्जन कार्यक्रम के बाद दो कारों में लौट रहे थे।

एसेक्स पुलिस के मुताबिक, दोनों कारों के चालक – जिनकी उम्र 23 और 24 साल है – को खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दोनों एक ही छात्र समूह के सदस्य थे और फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं। हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों की पहचान 23 वर्षीय चैतन्य तारे (नादरगुल) और 21 वर्षीय ऋषितेजा रापु (बोडुप्पल) के रूप में हुई। चैतन्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऋषितेजा ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। दोनों इस साल उच्च शिक्षा के लिए ब्रिटेन गए थे।

चैतन्य के परिवार ने बताया कि वह फरवरी में मास्टर डिग्री करने यूके गया था। परिजनों ने कहा, “हमें पहले हादसे की खबर मिली, फिर दोस्तों से पता चला कि वह नहीं रहा।” एसेक्स पुलिस ने बयान में कहा, “हमें सुबह 4:15 बजे रैली स्पर राउंडअबाउट के पास दो गाड़ियों की टक्कर की सूचना मिली। दोनों ड्राइवरों को मौत और गंभीर चोट पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।”

नेशनल इंडियन स्टूडेंट्स एंड एलुमनाई यूनियन यूके ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि “यह युवा छात्रों की दुखद मौत है।”

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button