फैक्ट चेक: क्या पंजाब में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए एकत्रित हुए बोरी में भरे यह नोट, जानें पूरा सच

उत्तर भारत इन दिनों मानसूनी बारिश और भीषण बाढ़ जैसी समस्या से झूझ रहा है, भारी बारिश के चलते उत्तर के कई राज्यों में भयंकर तबाही का मंजर देखने को मिल रहा है। जहाँ एक तरफ पहाड़ी राज्यों में इस प्राकृतिक आपदा का कहर जारी है, वहीं दूसरी तरफ मैदानी राज्य पंजाब के भी कई शहर वर्तमान में जलमग्न हो गए हैं। एक आंकड़े के मुताबिक पंजाब में बाढ़ के कारण करीब 3 लाख लोग प्रभावित हुए हैं जबकि चार लाख एकड़ से ज्यादा की फसल बर्बाद हो चुकी है। हालातों को देखते हुए सरकार ने भी पंजाब को आपदा ग्रस्त घोषित कर दिया है।
ऐसे में देश के कोने-कोने से लोग पंजाब आपदा में फांसी हुई जनता की मदद के लिए बढ़-चढ़ के हिस्सा ले रहे हैं। इसी क्रम में सोशल मीडिया में एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें समुदाय विशेष के कुछ लोग एक बोरी से नोटों को बाहर उड़ेलते हुए नजर आ रहे हैं, इसी वीडियो को इंटरनेट पर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि नोटों से भरी इन बोरियों को समुदाय विशेष के लोगों ने पंजाब की जनता की मदद के लिए डोनेट (दान) किया है।
फेसबुक पर वायरल वीडियो को शेयर कर हिंदी भाषा के कैप्शन में लिखा गया है कि “पंजाब में बाढ़ पीड़ित लोगों की मदद के लिए उतरे हमारे मुसलमान भाई। आखिर भाई ही भाई की मदद के लिए उतरता है बुरे वक्त में। मेरा दिल से सलाम है मेरे मुसलमान भाइयों को ये बात नफरती टट्टू नहीं समझ पाएंगे”

फेसबुक के वायरल पोस्ट का लिंक यहाँ देखें।
फैक्ट चेक:
न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमने जाना कि वायरल वीडियो भारत का नहीं है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता जानने के लिए हमने पड़ताल की। सबसे पहले हमने वीडियो को गौर से देखा तो हमने पाया कि जो नोट बोरी से नीचे गिर रहे हैं उनका रंग रूप भारत की करेंसी से कुछ खास मेल नहीं खा रहा है। इसलिए सच्चाई जानने के लिए हमने पड़ताल की।

अब सबसे पहले हमने वीडियो को कुछ कीफ्रेम्स में तोड़ा और फिर गूगल लेंस के माध्यम से खोजना शुरू किया। इस दौरान हमें वायरल वीडियो एक बंगाली भाषा के न्यूज़ चैनल पर मिला जिसे बंगाली भाषा के कैप्शन के साथ ही अपलोड किया गया था। प्राप्त वीडियो के कैप्शन में बंगाली भाषा में दी गयी जानकारी को गूगल ट्रांसलेटर से समझने पर हमने पाया कि यहाँ बताया गया है कि पगला मस्जिद के दान पेटियों से 32 बोरी भर पैसे निकले।
तुलना

उपरोक्त प्राप्त वीडियो से हमने जाना कि यह वायरल वीडियो किसी पगला मस्जिद की दान पेटी से निकले पैसों का है। अब हमने गूगल पर यह जानकारी प्राप्त करने के लिए खोजना शुरू किया कि पगला मस्जिद कहाँ है। गूगल पर मिले तथ्यों से हमने जाना कि पगला मस्जिद बांग्लादेश का है। 
अब वीडियो की सटीक जानकारी के लिए हमने गूगल पर बारीकी से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो Independent Television नामक बंगाली भाषा के यूट्यूब चैनल पर मिली। जिसे अगस्त 30, 2025 को अपलोड किया गया था। यहाँ बताया गया है कि बांग्लादेश में स्थित पगला मस्जिद में करीब चार महीने और 17 दिन में कुल 32 बोरी भर एकत्रित हुए दान का है।
पड़ताल के दौरान उपरोक्त मिले तथ्यों से यह साफ़ हुआ कि वायरल वीडियो में जो पैसे दिख रहे हैं वह भारत के नहीं बल्कि बांग्लादेश के पगला मस्जिद में दान में मिले पैसों का है जिसकी गिनती की गयी है।





