विदेश

अमेरिका में भारत का दमदार कदम! सिएटल में खुला नया वाणिज्य दूतावास

अमेरिका के सिएटल में भारतीय वाणिज्य दूतावास का नया भवन अब आधिकारिक रूप से शुरू हो गया है। भारत के राजदूत विनय क्वात्रा ने मंगलवार को इसका उद्घाटन किया। इस मौके पर वॉशिंगटन राज्य के गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन, अमेरिकी सीनेटर मारिया कैंटवेल और सिएटल के मेयर ब्रूस हैरेल भी मौजूद रहे।

नया दूतावास 1015 सेकेंड एवेन्यू पर स्थित ऐतिहासिक फेडरल रिजर्व बिल्डिंग में स्थापित किया गया है। यह इमारत 1951 से 2008 तक सैन फ्रांसिस्को फेडरल बैंक की शाखा के रूप में उपयोग की जाती थी। 2013 में इसे अमेरिका के नेशनल रजिस्टर ऑफ हिस्टोरिक प्लेसेज में शामिल किया गया। नए भवन में पहले फ्लोर पर वीजा और पासपोर्ट जैसी कांसुलर सेवाएं मिलेंगी, जबकि 11वें फ्लोर पर प्रशासनिक और वाणिज्यिक कामकाज होगा।

उद्घाटन समारोह के बाद राजदूत क्वात्रा ने भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्यों, टेक्नोलॉजी क्षेत्र के दिग्गजों और भारतीय मूल के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की।

यह दूतावास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जून 2023 में की गई घोषणा का हिस्सा है। तब पीएम मोदी ने अमेरिका में छठे भारतीय वाणिज्य दूतावास की स्थापना की बात कही थी। नवंबर 2023 से यह अस्थायी रूप से संचालित हो रहा था। जुलाई 2024 से अब तक यहां से वॉशिंगटन, ओरेगन, अलास्का, इडाहो, मोंटाना, नॉर्थ डकोटा, साउथ डकोटा, वायोमिंग और नेब्रास्का समेत नौ अमेरिकी राज्यों के 23,722 आवेदकों को सेवाएं दी जा चुकी हैं।

भारतीय मिशन की जानकारी के अनुसार, अमेरिका में करीब 44 लाख भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जिनमें से 31.8 लाख भारतीय-अमेरिकी नागरिक हैं। इसके अलावा, लगभग 3 लाख भारतीय छात्र अमेरिकी विश्वविद्यालयों में पढ़ रहे हैं, जो हर साल अमेरिकी अर्थव्यवस्था में 8 अरब डॉलर से ज्यादा का योगदान करते हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button