उपराष्ट्रपति चुनाव में BJP का बड़ा दांव, उम्मीदवार बने CP राधाकृष्णन

एनडीए ने उपराष्ट्रपति पद के लिए अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार शाम सहयोगी दलों के साथ बैठक के बाद बताया कि महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को इस पद के लिए चुना गया है। यह घोषणा मौजूदा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के हफ्तों बाद हुई है। जेपी नड्डा ने कहा, “राधाकृष्णन जी को राजनीति का 40 साल का अनुभव है। उन्होंने अलग-अलग भूमिकाओं में पार्टी और देश की सेवा की है।”
सीपी राधाकृष्णन इससे पहले झारखंड के राज्यपाल रह चुके हैं और पुदुचेरी का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल चुके हैं। वे दो बार कोयंबटूर से सांसद रहे हैं और भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
उनकी पृष्ठभूमि कई राजनीतिक संदेश देती है, खासकर उनका तमिलनाडु से जुड़ाव। माना जा रहा है कि भाजपा का यह फैसला अगले साल होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले एक अहम राजनीतिक संकेत है। इससे सत्ताधारी डीएमके और विपक्षी एआईएडीएमके जैसी द्रविड़ पार्टियों के लिए भी नई चुनौती खड़ी हो सकती है।
सीपी राधाकृष्णन की छवि पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से बिल्कुल अलग मानी जाती है। बताया जाता है कि 16 साल की उम्र से ही वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े हुए हैं। वे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के करीबी रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली से भी अच्छी तरह परिचित माने जाते हैं।




