कश्मीर में 9 दिन से जारी ऑपरेशन, दो वीर जवान शहीद, मुठभेड़ जारी

कश्मीर घाटी में आतंकियों के खिलाफ हाल के वर्षों की सबसे लंबी सैन्य कार्रवाई में से एक, अखल में चल रही मुठभेड़ शनिवार को नौवें दिन भी जारी रही। सेना ने पुष्टि की है कि शुक्रवार रात से शनिवार की रात के बीच हुई तेज गोलीबारी में दो जवान—लांस नायक प्रितपाल सिंह और सिपाही हरमिंदर सिंह—शहीद हो गए। चिनार कोर ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा, “इन वीरों की बहादुरी और समर्पण हमेशा हमें प्रेरित करेंगे। भारतीय सेना शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है।”
OP AKHAL, Kulgam
Contact established in General Area Akhal, Kulgam. Joint Operation in progress.#Kashmir@adgpi@NorthernComd_IA pic.twitter.com/d2cHZKiC61
— Chinar Corps🍁 – Indian Army (@ChinarcorpsIA) August 1, 2025
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घने जंगल में आगे बढ़ते समय आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलियां चलाईं, जिसमें चार जवान घायल हुए। इनमें से दो ने दम तोड़ दिया। मुठभेड़ के दौरान अब तक कुल छह जवान घायल हो चुके हैं। पहले दिन की कार्रवाई में एक आतंकी भी मारा गया था। सूत्रों ने बताया कि इलाके का जंगल बेहद घना और रास्ते कठिन होने की वजह से सेना बेहद सावधानी से आगे बढ़ रही है, जिससे ऑपरेशन लंबा खिंच गया है। सुरक्षाबलों के पास जानकारी है कि यहां 4-5 आतंकी छिपे हो सकते हैं।
पहले दिन हुई गोलीबारी के बाद सेना ने अतिरिक्त दस्ते भेजे और ड्रोन, हथियारों से लैस मानवरहित वाहन (यूएवी) व हेलीकॉप्टरों की मदद ली। अखल के जंगल दक्षिण कश्मीर के कई इलाकों से जुड़े हुए हैं, इसलिए सेना ने कई दिशाओं से घेराबंदी की है ताकि आतंकी भाग न सकें।





