खेल

सेमीफाइनल से पहले बड़ा फैसला: भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से किया इनकार

विश्व चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच गुरुवार, 31 जुलाई को खेला जाना था। लेकिन भारतीय टीम ने इस मैच में खेलने से इनकार कर दिया है। युवराज सिंह की कप्तानी वाली ‘इंडिया चैंपियंस’ टीम ने इस फैसले को लेकर स्पष्ट किया है कि वह पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर नहीं उतरेगी।

भारतीय टीम का यह फैसला पहलगाम में हुए हालिया आतंकी हमले और उसके जवाब में चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद सामने आया है। इस ऑपरेशन के जरिए भारत ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाते हुए कई आतंकियों को ढेर किया था। इस घटना के बाद पाकिस्तान ने दोबारा हमले की कोशिश की थी, जिसे भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया। इन घटनाओं के बाद भारतीय क्रिकेटरों ने पाकिस्तान के साथ किसी भी तरह के संबंध से इनकार कर दिया है।

गौरतलब है कि युवराज सिंह, शिखर धवन, सुरेश रैना, इरफान पठान और हरभजन सिंह जैसे पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। भारत ने इससे पहले लीग चरण में भी पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया था। भारत ने मंगलवार को वेस्टइंडीज चैंपियंस को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। अब टीम ने साफ कर दिया है कि वह पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलेगी। दूसरी ओर, इस टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला एबी डिविलियर्स की अगुआई वाली साउथ अफ्रीका चैंपियंस और ब्रेट ली के नेतृत्व वाली ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के बीच 31 जुलाई को ही खेला जाएगा।

इस फैसले पर ट्रैवल कंपनी ईजमाईट्रिप के सह-संस्थापक और अध्यक्ष निशांत पिट्टी ने भी समर्थन जताया। उन्होंने ट्वीट कर कहा,
“हम इंडिया चैंपियंस की शानदार प्रदर्शन के लिए सराहना करते हैं। लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल सिर्फ एक और मैच नहीं है। आतंकवाद और क्रिकेट एक साथ नहीं चल सकते। हम ऐसे किसी आयोजन का समर्थन नहीं कर सकते, जो आतंकवाद को समर्थन देने वाले देश के साथ रिश्ते सामान्य करने की कोशिश करता हो।”

भारतीय टीम का यह रुख देश में कई लोगों द्वारा सराहा जा रहा है, और यह दिखाता है कि खेल भावना से ऊपर देश की सुरक्षा और संप्रभुता हमेशा सर्वोपरि है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button