ऑपरेशन सिंदूर पर अमित शाह का संबोधन: जानिए 10 अहम बिंदु

आज संसद के मानसून सत्र के सातवें दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर, पहलगाम आतंकी हमला और उससे जुड़े सुरक्षा मुद्दों पर विस्तृत बयान दिया। उन्होंने विपक्ष के आरोपों का करारा जवाब दिया और कांग्रेस की आतंकवाद नीति को आड़े हाथों लिया। आइए जानते हैं उनके भाषण के 10 प्रमुख बिंदु:
1.पहलगाम हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि
अमित शाह ने लोकसभा में अपने संबोधन की शुरुआत पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए श्रद्धालुओं और सुरक्षाबलों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर और ऑपरेशन महादेव में मारे गए या घायल लोगों के प्रति भी संवेदना है।
2.तीन A-ग्रेड आतंकी मारे गए, सुलेमान था मास्टरमाइंड
शाह ने बताया कि ऑपरेशन महादेव में तीन खूंखार आतंकवादी मारे गए। इनमें लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर सुलेमान शामिल था, जो पहलगाम हमले में शामिल था। अन्य दो आतंकियों की भी एजेंसियों ने पुष्टि की कि वे A-ग्रेड आतंकी थे।
3.एनआईए जांच और 1055 गवाहों से पूछताछ
पहलगाम हमले की जांच एनआईए को सौंपी गई। इस जांच में 1055 लोगों से पूछताछ की गई जिनमें पीड़ितों के परिजन, पर्यटक, दुकानदार, खच्चर वाले आदि शामिल थे। बयानों के आधार पर स्केच तैयार किए गए और कई लोगों को गिरफ्तार किया गया।
4.बैलिस्टिक और फॉरेंसिक जांच से आतंकी साबित
घटनास्थल से मिले कारतूस और हथियारों की SFL और बैलिस्टिक जांच में साफ हो गया कि हमले और ऑपरेशन में मारे गए आतंकी वही थे। दो पाकिस्तानी वोटर कार्ड, पाकिस्तान में बनी चॉकलेट और राइफल जांच से सबूत पुख्ता हुए।
5.’अब कोई पहलगाम जैसी हिमाकत नहीं करेगा’
शाह ने स्पष्ट किया कि अब कोई दुश्मन भारत में घुसकर ऐसा हमला नहीं कर पाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत आतंकियों और उनके आकाओं को भी खत्म कर दिया गया है।
6.कांग्रेस की आतंकवाद नीति पर करारा हमला
शाह ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि एक दौर में कांग्रेस आतंकियों को वीजा देकर बुलाती थी। उन्होंने पोटा (POTA) कानून को रद्द करने के फैसले पर कांग्रेस से जवाब मांगा – “आप किसे बचाना चाहते थे?”
7.कश्मीर में पत्थरबाजी और आतंकी महिमामंडन खत्म
उन्होंने बताया कि अब कश्मीर में पत्थरबाजी नहीं होती, हुर्रियत नेताओं पर कार्रवाई की गई है, बार काउंसिल को भंग कर फिर से चुनाव कराया गया है और आतंकियों के जनाजे में भी अबड़-धबड़ भीड़ नहीं जुटती।
8.पाकिस्तान पर सटीक जवाब, 9 आतंकी ठिकाने तबाह
शाह ने कहा कि 7 मई को रात 1:04 बजे से 1:24 बजे के बीच ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के अंदर 100 किलोमीटर भीतर घुसकर नौ आतंकी ठिकाने ध्वस्त किए गए। यह कार्रवाई पूरी तरह संयमित और नागरिक क्षति रहित थी।
9.चिदंबरम पर सीधा हमला – ‘क्या पाकिस्तान को बचाना चाहते हैं?’
गृह मंत्री ने पूर्व गृहमंत्री पी. चिदंबरम पर हमला करते हुए कहा कि वे पूछते हैं, “क्या सबूत है कि आतंकी पाकिस्तान से आए?” शाह बोले – “ये सवाल पूछकर आप पाकिस्तान को क्लीन चिट दे रहे हैं, यह देश जानता है।”
10.मोदी सरकार की कार्रवाई बनाम कांग्रेस की चुप्पी
शाह ने कहा कि जब कांग्रेस सरकार में आतंकी हमले होते थे, तो पाकिस्तान को सिर्फ डोजियर भेजे जाते थे। लेकिन मोदी सरकार आतंकियों के जनाजे पाकिस्तान में निकलवाने तक कर देती है, जिससे दुनिया को सच्चाई दिखे।
अमित शाह का भाषण न सिर्फ ऑपरेशन सिंदूर की रणनीति को स्पष्ट करता है, बल्कि यह भी बताता है कि मोदी सरकार आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक और सख्त नीति अपना रही है। उन्होंने विपक्ष की भूमिका, कांग्रेस की पुरानी नीतियों और पाकिस्तान के प्रति नरमी को लेकर तीखे सवाल उठाए और संसद के मंच से स्पष्ट किया – “अब आतंकियों को बख्शा नहीं जाएगा।”





