मनोरंजन

‘अंदाज 2’ का ट्रेलर रिलीज, दर्शकों में उत्साह की जगह उठे सवाल

2003 में रिलीज हुई अक्षय कुमार, प्रियंका चोपड़ा और लारा दत्ता की सुपरहिट फिल्म ‘अंदाज’ को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। फिल्म के गाने और कहानी आज भी लोगों की यादों में ताजा हैं। अब करीब 22 साल बाद निर्देशक-निर्माता सुनील दर्शन ‘अंदाज 2’ लेकर आ रहे हैं। सोमवार को फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया, लेकिन जिस उम्मीद के साथ दर्शकों ने ट्रेलर का इंतजार किया था, ट्रेलर देखने के बाद वह उत्साह निराशा में बदल गया।

फिल्म के ट्रेलर की बात करें तो इसमें एक आम-सी लव ट्रायंगल कहानी दिखाई गई है। एक युवा लड़का जो म्यूजिक इंडस्ट्री में करियर बनाना चाहता है, उसे एक म्यूजिक कंपनी से कॉन्ट्रैक्ट मिलता है। इसी बीच उसे एक लड़की से प्यार हो जाता है, लेकिन म्यूजिक कंपनी की मालकिन भी उस पर दिल हार बैठती है। इसके बाद शुरू होता है वही पुराना ड्रामा, जिसे दर्शक पहले भी कई फिल्मों में देख चुके हैं। ट्रेलर की लंबाई 4 मिनट 2 सेकंड है, लेकिन इतने लंबे ट्रेलर के बावजूद यह दर्शकों को बांध पाने में नाकाम नजर आता है।

‘अंदाज 2’ से तीन नए कलाकार – आयुष कुमार, अकाइशा और नताशा फर्नांडीज – बॉलीवुड में डेब्यू कर रहे हैं। हालांकि, ट्रेलर में इनकी एक्टिंग दर्शकों को खास प्रभावित नहीं कर सकी। सोशल मीडिया पर लोग इन नए चेहरों की तुलना ‘अंदाज’ की स्टार कास्ट से कर रहे हैं और साफ कह रहे हैं कि ये नए कलाकार उस स्तर का प्रभाव नहीं छोड़ पा रहे हैं। कई यूजर्स ने सवाल उठाए हैं कि क्या सिर्फ एक हिट फिल्म के नाम पर दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने की कोशिश की जा रही है?

ट्रेलर रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। कई यूजर्स ने इसकी तुलना यूट्यूब वेब सीरीज या बी ग्रेड प्रोजेक्ट से की है। कुछ लोगों ने फिल्म की सिनेमैटोग्राफी को बेहद कमजोर बताया है, जबकि अन्य ने इसे भोजपुरी फिल्मों जैसा करार दिया है। एक्टिंग, स्क्रिप्ट और प्रोडक्शन वैल्यू को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

जब फिल्म ‘अंदाज 2’ की घोषणा हुई थी, तो दर्शकों को उम्मीद थी कि यह पहले पार्ट की तरह कुछ नया और दमदार लेकर आएगी। लेकिन ट्रेलर ने उन उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। 4 मिनट का ट्रेलर न केवल बिखरा हुआ नजर आता है, बल्कि यह भी सवाल खड़ा करता है कि क्या इस फिल्म को बनाने की वाकई जरूरत थी? कुछ लोगों का मानना है कि यह फिल्म या तो काफी पहले शूट हो चुकी है और अब रिलीज की जा रही है, या फिर इसका मकसद केवल सीमित कमाई करना भर है।

फिल्म ‘अंदाज 2’ 8 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। लेकिन जिस तरह से ट्रेलर को लेकर नकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, उसे देखते हुए कहा जा सकता है कि दर्शकों को थिएटर तक लाना फिल्म के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button