दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, यूपी-बिहार में बाढ़ जैसे हालात

देश के कई राज्यों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और इसके चलते दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रातभर से ही बारिश हो रही है। वहीं, बिहार और झारखंड में लगातार हो रही वर्षा से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। बिहार की फल्गु, मुहाने और निरंजना नदियों में अब तक का सर्वाधिक जलस्त्राव दर्ज किया गया है। गया जिले में बाढ़ में डूबने से चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं। बारिश के कारण गया के मगध मेडिकल कॉलेज की ओपीडी और नेत्र विभाग में पानी भर गया है। गया-धनबाद रेल मार्ग पर मलबा आने से चार घंटे तक ट्रेन सेवाएं ठप रहीं। साथ ही परैया क्षेत्र में मोरहर नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से रेलवे पुल निर्माण के उपकरण भी बह गए।
झारखंड के उदेरास्थान से एक लाख 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने से बिहार के नालंदा जिले में बाढ़ की आशंका गहरा गई है। जिले में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रदेश के छह जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग झुलस गए हैं। इनमें से ज़्यादातर लोग खेतों में काम कर रहे थे या मवेशी चरा रहे थे।
हिमाचल प्रदेश के शिलाई में भूस्खलन के कारण एक राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है। कुल्लू, मंडी, चंबा, ऊना, बिलासपुर और कांगड़ा जिलों में भारी वर्षा का अनुमान जताया गया है। उत्तराखंड के सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच हाईवे पर 15 दिनों तक हर शाम 4 से 7 बजे तक आवाजाही बंद रहेगी, ताकि स्लाइडिंग जोन का उपचार कार्य किया जा सके। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में 17 से 23 जुलाई तक कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश, बाढ़, भूस्खलन और पहाड़ों से पत्थर गिरने की चेतावनी दी है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में यात्रा से बचने की सलाह दी है और विभागों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।





