भारत

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला

मुंबई स्थित बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) को मंगलवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिससे हड़कंप मच गया। एक अज्ञात व्यक्ति ने ‘कॉमरेड पिनाराई विजयन’ नाम की ई-मेल आईडी से बीएसई को धमकी भरा मेल भेजा, जिसमें दावा किया गया था कि इमारत में चार आईईडी और आरडीएक्स लगाए गए हैं और दोपहर करीब तीन बजे विस्फोट होगा।

धमकी भरे ई-मेल की जानकारी मिलते ही मुंबई पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बीएसई परिसर की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। करीबियों इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई और कर्मचारियों को सतर्क किया गया। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि परिसर में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।


एमआरए मार्ग पुलिस स्टेशन में इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने आईपीसी और विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी भेजने वाला व्यक्ति कौन है और उसने यह मेल किस उद्देश्य से भेजा।

मुंबई पुलिस की साइबर सेल भी इस ई-मेल की तकनीकी जांच में जुट गई है, ताकि भेजने वाले की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि इस तरह की अफवाहें फैलाकर दहशत पैदा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button