जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में अमरनाथ यात्रियों की बसों में टक्कर, 10 श्रद्धालु घायल

रविवार को जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में अमरनाथ यात्रियों को लेकर जा रही तीन बसों की आपस में टक्कर हो गई। इस हादसे में कम से कम 10 श्रद्धालु घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। यह हादसा उस वक्त हुआ जब श्रद्धालु अमरनाथ की पवित्र गुफा में दर्शन करके लौट रहे थे।
हादसे के बाद बसों में सवार बाकी यात्रियों को सुरक्षित दूसरी गाड़ियों में बैठाकर आगे रवाना किया गया, जिससे यात्रा में कोई रुकावट न आए। उधर, रविवार सुबह जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से अमरनाथ यात्रा के लिए एक नया जत्था रवाना हुआ। इस जत्थे में कुल 7,049 श्रद्धालु शामिल थे, जिनमें 1,423 महिलाएं, 31 बच्चे और 136 साधु-साध्वियां भी थीं।
श्रद्धालुओं को दो मुख्य रास्तों—अनंतनाग के पहलगाम और गांदरबल के बालटाल—से रवाना किया गया। इनमें से 4,158 यात्री 148 वाहनों से पहलगाम मार्ग से गए, जबकि 2,891 श्रद्धालु 138 वाहनों से बालटाल मार्ग पर निकले। दोनों ही मार्गों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बता दें कि 38 दिनों तक चलने वाली वार्षिक अमरनाथ यात्रा इस साल 3 जुलाई से शुरू हुई है और 9 अगस्त को रक्षा बंधन के दिन समाप्त होगी।





