विदेश

कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग के बाद खालिस्तानी नेता पन्नू की धमकी

कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे ‘कैप्स कैफे’ पर हुई गोलीबारी के बाद अब मामला और गंभीर हो गया है। इस हमले के कुछ दिनों बाद खालिस्तान समर्थक संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ के संस्थापक गुरपतवंत सिंह पन्नू ने कपिल शर्मा को सीधे धमकी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, पन्नू ने एक वीडियो जारी कर कपिल शर्मा को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि कपिल और मोदी ब्रांड के अन्य हिंदुत्व समर्थकों को कनाडा में निवेश नहीं करना चाहिए और उन्हें अपनी कमाई भारत वापस ले जानी चाहिए।

वीडियो में पन्नू ने आरोप लगाया कि “कनाडा बिजनेस की आड़ में हिंदुत्व की विचारधारा को बढ़ावा देने की कोशिश हो रही है, जिसे हम कभी भी सफल नहीं होने देंगे।” उन्होंने कपिल शर्मा पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि “जो ‘मेरा भारत महान’ का नारा लगाते हैं और मोदी के एजेंडे का समर्थन करते हैं, वो भारत के बजाय कनाडा में क्यों निवेश कर रहे हैं?”

गौरतलब है कि 9 जुलाई की रात कनाडा में स्थित कपिल शर्मा के ‘कैप्स कैफे’ पर कई राउंड फायरिंग की गई थी। जब यह हमला हुआ, उस समय कैफे के अंदर स्टाफ मौजूद था, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ, यह राहत की बात रही।

इस हमले की जिम्मेदारी बब्बर खालसा के कार्यकर्ता हरजीत सिंह लाडी ने ली थी। इसके बाद अब गुरपतवंत पन्नू की धमकी सामने आना मामले को और गंभीर बना रहा है।

हमले के बाद ‘कैप्स कैफे’ की तरफ से एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए आधिकारिक बयान जारी किया गया। उसमें कहा गया –
“हमने ‘कैप्स कैफे’ को स्वादिष्ट कॉफी और दोस्ताना बातचीत के साथ एक खुशनुमा माहौल देने के लिए शुरू किया था। लेकिन इस सपने पर हिंसा का हमला दिल तोड़ने वाला है। हम इस सदमे से उबरने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हार नहीं मानेंगे। यह कैफे आप सभी के विश्वास और साथ का नतीजा है। आइए, हम सब मिलकर हिंसा के खिलाफ एकजुट खड़े हों।”

इस पूरे घटनाक्रम के बाद कनाडा की सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। कपिल शर्मा की ओर से अब तक कोई व्यक्तिगत बयान नहीं आया है, लेकिन सोशल मीडिया पर फैंस ने इस घटना की निंदा की है और कपिल के लिए समर्थन जताया है।

फिलहाल, यह मामला सिर्फ एक बिजनेस हमले से बढ़कर एक अंतरराष्ट्रीय और राजनीतिक विवाद की शक्ल लेता जा रहा है, जिस पर दोनों देशों की सरकारों और एजेंसियों की नजर बनी हुई है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button