मणिपुर के चुराचांदपुर में अज्ञात हमलावरों ने की गोलीबारी, चार लोगों की मौत

मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में सोमवार को एक बार फिर हिंसा भड़क उठी। जिले के मोंगजांग गांव के पास अज्ञात हमलावरों ने एक चलती कार पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक 60 वर्षीय महिला भी शामिल है। यह हमला दोपहर करीब 2 बजे हुआ, जब पीड़ित कार से यात्रा कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, मोंगजांग गांव चुराचांदपुर मुख्यालय से लगभग 7 किलोमीटर दूर स्थित है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी पीड़ितों को बेहद करीब से गोली मारी गई। घटनास्थल से 12 से अधिक खाली कारतूस बरामद हुए हैं। फिलहाल मृतकों की पहचान की पुष्टि नहीं हो सकी है और पुलिस उनके नामों और पृष्ठभूमि की जानकारी जुटा रही है। अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
घटना के बाद इलाके में डर और दहशत का माहौल है। स्थानीय प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त टुकड़ियों को मौके पर भेजा है। क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि हमलावरों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान भी खंगाल रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
गौरतलब है कि मणिपुर पिछले साल से लगातार जातीय और सांप्रदायिक तनाव से जूझ रहा है। इस ताजा गोलीबारी ने राज्य की पहले से संवेदनशील स्थिति को और गंभीर बना दिया है। प्रशासन ने घटना के बाद पूरे क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।





