उत्तर प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, बारिश से मिली गर्मी से राहत, वज्रपात और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलनी शुरू हो गई है। रविवार को राज्य के उत्तरी और पश्चिमी इलाकों में बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम कुछ सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि सोमवार से लू का प्रभाव खत्म हो जाएगा और पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे मानसून की दस्तक के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 18 जून को मानसून गोरखपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। रविवार को हुई प्री-मानसूनी बारिश ने तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज कराई है। पिछले एक सप्ताह से जारी लू और उमस भरी गर्मी में अब धीरे-धीरे राहत मिलने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को वाराणसी सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद उरई में 42.6 डिग्री तापमान रहा।
मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के कई जिलों के लिए वज्रपात और मेघगर्जन का अलर्ट जारी किया है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और रामपुर में तेज गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में ओलावृष्टि का भी पूर्वानुमान है।
वज्रपात की संभावना वाले जिलों में शामिल हैं:
बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, पीलीभीत, बरेली, बदायूं, संभल, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और इनके आसपास के इलाके।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर न निकलें। खासकर किसानों और खुले में काम करने वाले मजदूरों को सलाह दी गई है कि वे सावधानी बरतें। आने वाले दिनों में मानसून की सक्रियता के चलते प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम सुहावना बना रह सकता है।





