आरसीबी का बड़ा कदम: मृतकों के परिजनों को 10 लाख, घायलों के लिए फंड

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) फ्रेंचाइजी ने चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई दर्दनाक भगदड़ में जान गंवाने वाले 11 प्रशंसकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। इसके साथ ही इस हादसे में घायल हुए लोगों की मदद के लिए ‘RCB Cares’ नाम का एक विशेष फंड भी शुरू किया गया है। आरसीबी ने गुरुवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि इस फंड के माध्यम से घायलों को इलाज और अन्य जरूरी मदद दी जाएगी। बुधवार को हुए इस हादसे में 30 से अधिक लोग घायल हुए थे।
यह हादसा उस समय हुआ जब आईपीएल 2025 की चैंपियन बनी RCB की टीम बुधवार को अहमदाबाद से बेंगलुरु लौटी थी। टीम के स्वागत और विजय जुलूस के लिए भारी संख्या में फैंस स्टेडियम और विधान सौधा के बाहर जमा हो गए थे। खिलाड़ियों को पहले विधान सौधा में सम्मानित किया जाना था और फिर वहां से विजय परेड करते हुए चिन्नास्वामी स्टेडियम पहुंचना था।
हालांकि, इतने बड़े आयोजन के लिए कोई ठोस सुरक्षा या भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था नहीं की गई थी। लाखों की संख्या में मौजूद प्रशंसक किसी भी तरह स्टेडियम के अंदर पहुंचने की कोशिश करते नजर आए। लोग पेड़ों, गाड़ियों और यहां तक कि स्टेडियम की दीवारों और फेंसिंग पर भी चढ़ गए।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसके बाद भगदड़ मच गई जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
इस घटना के बाद कर्नाटक की कांग्रेस सरकार और भाजपा के बीच सियासी आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। भाजपा ने राज्य सरकार पर भारी बदइंतजामी का आरोप लगाया, जबकि कांग्रेस ने भाजपा पर इस दुखद हादसे का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया है। इस हादसे ने जश्न के माहौल को मातम में बदल दिया और पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।





