खेल

ग्लेन मैक्सवेल ने ODI से लिया संन्यास, 13 साल के करियर पर लगाया विराम

ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। सोमवार, 2 जून को मैक्सवेल ने आधिकारिक तौर पर यह जानकारी दी। उन्होंने आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया के लिए चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में वनडे मैच खेला था। इस टूर्नामेंट के बाद स्टीव स्मिथ ने भी वनडे क्रिकेट से रिटायरमेंट लिया था। चैंपियंस ट्रॉफी के बाद मैक्सवेल आईपीएल 2025 में खेलने उतरे, लेकिन चोटिल होने के कारण कुछ ही मैचों के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

ग्लेन मैक्सवेल ने 2012 में ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे डेब्यू किया था और करीब 13 साल के करियर में उन्होंने टीम को कई मौकों पर जीत दिलाई। वे दो बार के वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा रहे। मैक्सवेल ने अपने करियर में कुल 149 वनडे मैच खेले, जिनमें उन्होंने 3990 रन बनाए। इसमें उनके नाम चार शतक और 23 अर्धशतक दर्ज हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड कप 2023 में बनाया गया उनका दोहरा शतक (201 रन नाबाद) वनडे क्रिकेट की सबसे यादगार पारियों में से एक माना जाता है।

गेंदबाजी के मोर्चे पर भी मैक्सवेल ने अहम योगदान दिया। उन्होंने 79 विकेट लिए और अपनी ऑफ स्पिन से कई बार टीम को मुश्किल समय में राहत दी। एक ऑलराउंडर के तौर पर वे बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में ऑस्ट्रेलिया के लिए मैच विनर साबित हुए।

मैक्सवेल ने अपने संन्यास की जानकारी ऑस्ट्रेलियाई चीफ सिलेक्टर जॉर्ज बेली को पहले ही दे दी थी। उन्होंने बताया कि चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान ही उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि वे 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक नहीं खेल पाएंगे। ‘फाइनल वर्ड’ पॉडकास्ट पर बातचीत करते हुए मैक्सवेल ने कहा, “मैंने तभी कह दिया था कि मुझे नहीं लगता कि मैं 2027 वर्ल्ड कप तक खेल पाऊंगा। मुझे लगता है कि अब समय आ गया है कि मेरी जगह पर नए खिलाड़ियों को तैयार किया जाए, ताकि वे 2027 तक उस भूमिका में फिट हो सकें।”

ग्लेन मैक्सवेल का वनडे करियर शानदार रहा है। उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और उपयोगी गेंदबाजी से ऑस्ट्रेलिया को कई यादगार जीत दिलाई हैं। उनका संन्यास ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट के लिए एक युग के अंत जैसा है, लेकिन उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button