भोपाल पहुंचे पीएम मोदी, देवी अहिल्याबाई होल्कर को अर्पित की पुष्पांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल के जम्बूरी मैदान में ‘लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन’ कार्यक्रम में मंच पर पहुंचे. जहां उन्होंने कार्यक्रम के दौरान देवी अहिल्याबाई होल्कर को पुष्पांजलि अर्पित की.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दतिया और सतना हवाई अड्डों सहित कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. साथ ही उन्होंने इस अवसर पर विशेष डाक टिकट और स्मारक सिक्के का विमोचन किया.
#WATCH भोपाल: प्रधानमंत्री मोदी ने अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर विशेष डाक टिकट और स्मारक सिक्के का विमोचन किया। pic.twitter.com/bZc2tICwCm
— NewsMobile Samachar (@NewsMobileHindi) May 31, 2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन’ कार्यक्रम में अपने संबोधन में कहा, “आज लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जन्म जयंती है. 140 करोड़ भारतीयों के लिए ये अवसर प्रेरणा का है, राष्ट्र निर्माण के लिए हो रहे भगीरथ प्रयासों में अपना योगदान देने का है. देवी अहिल्याबाई होल्कर कहतीं थी की शासन का सही अर्थ जनता की सेवा करना और उनके जीवन में सुधार लाना होता है.”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “250-300 साल पहले जब देश गुलामी की जंजीरों में जकड़ा हुआ था. उस समय ऐसे महान कार्य कर जाना कि आने वाली अनेक पीढियां उसकी चर्चा करें, ये कहना तो आसान है, करना आसान नहीं था. लोकमाता अहिल्याबाई ने प्रभुसेवा और जनसेवा को कभी अलग नहीं माना. कहते हैं कि वे हमेशा शिवलिंग अपने साथ लेकर चलती थी. उस चुनौतीपूर्ण कालखंड में एक राज्य का नेतृत्व, कांटों से भरा ताज, लेकिन लोकमाता अहिल्याबाई ने अपने राज्य की समृद्धि को नई दिशा दी.”
“देवी अहिल्याबाई भारत की विरासत की बहुत बड़ी संरक्षक थीं. जब देश की संस्कृति पर, हमारे मंदिरों, हमारे तीर्थ स्थलों पर हमले हो रहे थे, तब लोकमाता ने उन्हें संरक्षित करने का बीड़ा उठाया. उन्होंने काशी विश्वनाथ सहित पूरे देश में हमारे अनेकों मंदिरों का, हमारे तीर्थों का पुनर्निर्माण किया. ये मेरा सौभाग्य है कि जिस काशी में लोकमाता अहिल्याबाई ने विकास के इतने काम किए, उस काशी ने मुझे भी सेवा का अवसर दिया है. आज अगर आप काशी विश्वनाथ महादेव के दर्शन करने जाएंगे, तो वहां आपको देवी अहिल्याबाई की मूर्ति भी मिलेगी.”
पहलगाम पर बोले पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “पहलगाम में आतंकियों ने केवल भारतीयों का खून ही नहीं बहाया उन्होंने हमारे संस्कृति पर प्रहार करने की कोशिश की है. उन्होंने हमारे समाज को बांटने की कोशिश की है. आतंकवादियों ने भारत की नारी शक्ति को चुनौती दी है. ये चुनौती आतंकवादियों और उनके आकाओं के लिए काल बन गई है. ऑपरेशन सिंदूर आतंकवादियों के खिलाफ भारत के इतिहास का सबसे बड़ा और सफल ऑपरेशन है. जहां पाकिस्तान की सेना ने सोचा तक नहीं था वहां आतंकी ठिकानों को हमारी सेना ने मिट्टी में मिला दिया.”
“अब भारत का एक-एक नागरिक कह रहा है, अगर तूम गोली चलाओगे तो मान कर चलो गोली का जवाब गोले से दिया जाएगा.”





