आईपीएल 2025: वानखेड़े में मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच ‘वर्चुअल क्वार्टर फाइनल’, डीसी ने जीता टॉस

आईपीएल 2025 का 63वां मुकाबला आज मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला जा रहा है। दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया है। यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है, क्योंकि प्लेऑफ के चौथे और आखिरी स्थान के लिए सीधी टक्कर देखने को मिल रही है।
दिल्ली के नियमित कप्तान अक्षर पटेल बीमारी के चलते यह मैच नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह फाफ डु प्लेसिस टॉस के लिए आए और टीम की अगुवाई कर रहे हैं। मुंबई इंडियंस के अब तक 12 मैचों में 14 अंक हैं और वह पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है। अगर हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली टीम यह मैच जीत जाती है, तो प्लेऑफ में उसकी जगह तय हो जाएगी। हालांकि, पिछला मुकाबला मुंबई को गुजरात टाइटंस से हार का सामना करना पड़ा था।
वहीं, दिल्ली कैपिटल्स के 12 मैचों में 13 अंक हैं और टीम फिलहाल पांचवें स्थान पर है। उसे प्लेऑफ में पहुंचने के लिए न सिर्फ यह मुकाबला जीतना होगा, बल्कि अपना अगला मैच भी हर हाल में जीतना पड़ेगा। पिछले चार मुकाबलों में दिल्ली को तीन में हार और एक मैच बारिश के कारण रद्द करना पड़ा था।
वानखेड़े में हो रहे इस अहम मुकाबले पर बारिश का खतरा भी मंडरा रहा है। अगर मैच रद्द होता है, तो मुंबई इंडियंस को फायदा मिल सकता है, जबकि दिल्ली के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
इस मुकाबले के बाद दोनों टीमें अपना आखिरी लीग मैच पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलेंगी। पंजाब, गुजरात और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर पहले ही प्लेऑफ में जगह पक्की कर चुकी हैं।
संभावित प्लेइंग इलेवन:
मुंबई इंडियंस:
रयान रिकेल्टन, रोहित शर्मा, विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह
दिल्ली कैपिटल्स:
फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), केएल राहुल, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, आशुतोष शर्मा, विप्रज निगम, कुलदीप यादव, टी नटराजन, मुस्तफिजुर रहमान, दुष्मंथा चमीरा





