भारत ने पाकिस्तान के मिसाइल हमले के आरोपों को बताया झूठा, विदेश सचिव ने किया खंडन

भारत ने पाकिस्तान के उस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि एक भारतीय मिसाइल ने अफगानिस्तान को निशाना बनाया है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने शनिवार को प्रेस ब्रीफिंग के दौरान स्पष्ट किया कि यह आरोप पूरी तरह झूठे और बेबुनियाद हैं।
विदेश सचिव ने कहा, “पाकिस्तान ने यह झूठ फैलाया है कि भारत ने अफगानिस्तान पर मिसाइल हमला किया है। हम साफ कर देना चाहते हैं कि ऐसा कोई हमला नहीं हुआ। यह पूरी तरह से प्रोपेगैंडा है। अफगानिस्तान के लोग अच्छी तरह जानते हैं कि उनके देश पर बार-बार हमले किसने किए हैं।”
इससे पहले पाकिस्तान की सेना ने दावा किया था कि भारत ने पंजाब में हुए हमलों के बाद अफगानिस्तान पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया, जो एक बड़े और खतरनाक योजना का हिस्सा था। पाकिस्तान ने यह भी कहा कि उसके पास भारत की मिसाइलों का इलेक्ट्रॉनिक सिग्नेचर है, और यह हमला पूरे क्षेत्र में अस्थिरता फैलाने के लिए किया गया।
इन आरोपों का जवाब देते हुए भारत के विदेश सचिव ने कहा कि पाकिस्तान की सरकारी एजेंसियां लगातार झूठ फैलाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पाकिस्तान द्वारा भारत के सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचाने के दावे पूरी तरह झूठे हैं। सिरसा और आदमपुर एयरबेस पर किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ है, और इसकी पुष्टि प्रेस ब्रीफिंग के दौरान दिखाए गए ताजा चित्रों से भी हुई।
इसके अलावा विदेश सचिव ने यह भी बताया कि पाकिस्तान लगातार भारत के नागरिक ठिकानों को निशाना बना रहा है। जम्मू और पंजाब में हाल ही में कई हमले हुए हैं। राजौरी में आज सुबह पाकिस्तानी गोलीबारी में एक प्रशासनिक अधिकारी की मौत हो गई, जबकि जालंधर और फिरोजपुर में भी हमले किए गए हैं।
भारत ने पाकिस्तान द्वारा लगाए गए आरोपों को “बचकाना” बताते हुए कहा कि यह देश के अंदर डर और भ्रम फैलाने की साजिश है।





