IPL2025

भारत-पाकिस्तान तनाव के चलते IPL 2025 सस्पेंड, BCCI ने लिया बड़ा फैसला

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब क्रिकेट पर भी दिखाई देने लगा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने IPL 2025 को फिलहाल के लिए सस्पेंड करने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि यह फैसला सुरक्षा कारणों को देखते हुए लिया गया है।

बुधवार को पाकिस्तान ने भारत के कई शहरों में ड्रोन अटैक किए थे। इसके बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoJK) में आतंकी ठिकानों पर हमले किए। इसी दौरान धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जा रहा IPL का 58वां मैच बीच में रोक दिया गया।

अब तक टूर्नामेंट के 57 मुकाबले हो चुके हैं और 74 मैचों का शेड्यूल तय था। लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए BCCI ने IPL को सस्पेंड करने का निर्णय लिया है। बचे हुए मैचों को कब और कहां आयोजित किया जाएगा, इस पर बाद में फैसला होगा।

सूत्रों के मुताबिक, कई विदेशी खिलाड़ियों ने मौजूदा हालात को देखते हुए भारत छोड़ने की इच्छा जताई है। उनके परिवार भी इस समय भारत में हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। BCCI जल्द ही सभी विदेशी खिलाड़ियों को सुरक्षित उनके देश भेजने की तैयारी कर रहा है।

BCCI के एक अधिकारी ने कहा, “जब देश युद्ध जैसे हालात में हो, तब क्रिकेट जारी रखना सही नहीं है। खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा सबसे जरूरी है।”

गौरतलब है कि इससे पहले 2021 में भी कोविड महामारी के चलते IPL को बीच में रोका गया था और बचे हुए मैच यूएई में कराए गए थे।

अब देखना होगा कि IPL के बचे हुए मैच कब और किस जगह कराए जाते हैं। BCCI हालात पर नजर बनाए हुए है और आने वाले दिनों में आगे की रणनीति तय की जाएगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button