भारत ने पाकिस्तान के लिए डाक और पार्सल सेवाएं रोकी, आतंकी हमले के बाद कड़े कदम जारी

भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ एक और सख्त कदम उठाते हुए सभी श्रेणियों की डाक और पार्सल सेवाओं पर पूर्ण रोक लगा दी है। अब पाकिस्तान को न तो हवाई मार्ग से और न ही जमीनी रास्ते से कोई डाक या पार्सल भेजा जा सकेगा और न ही वहां से प्राप्त किया जाएगा। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को इसकी पुष्टि की।
यह फैसला हाल ही में दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद लिया गया है, जिसमें 26 निर्दोष लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई थी। मारे गए लोगों में ज्यादातर पर्यटक थे। इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तइबा से जुड़े ‘द रेसिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) ने ली है। यह हमला पुलवामा 2019 के बाद से जम्मू-कश्मीर में अब तक का सबसे बड़ा आतंकी हमला माना जा रहा है।
सरकार ने हमले के बाद लगातार पाकिस्तान पर दबाव बढ़ाने की रणनीति अपनाई है। हाल ही में हुई सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए थे। इसमें 1960 की सिंधु जल संधि को तत्काल प्रभाव से स्थगित करना, अटारी के एकीकृत चेक पोस्ट को बंद करना और सार्क वीजा छूट योजना के तहत पाकिस्तानी नागरिकों के भारत आने पर रोक जैसे कड़े कदम शामिल हैं।
साथ ही, भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने का निर्देश भी जारी किया गया है। सरकार का कहना है कि देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा सर्वोपरि है, और इस दिशा में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।





