GT ने प्लेऑफ की तरफ बढ़ाए कदम, SRH को 38 रनों से हराया

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल के 51वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (जीटी) ने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 38 रनों से हराया. इस जीत के साथ ही गुजरात के 14 अंक हो गए हैं और वो अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद इस सीजन से लगभग बाहर होने की कगार पर है.
पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने हैदराबाद के सामने 225 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा कर दिया. 225 रनों लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम को पहला झटका 4.3 ओवर में ट्रेविस हेड के 20 (16 गेंद) के रूप में लगा. इनके अलावा तीसरे नंबर पर आए विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने 13 (17 गेंद), चौथे नंबर पर उतरे विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने 23 (18 गेंद) और पांचवें नंबर पर अनिकेत वर्मा ने 3 कुछ खास नहीं कर पाए. वहीं अभिषेक शर्मा ने अपनी 74 रनों (41 गेंद) की पारी में चार चौके और छह गगनचुंबी छक्के जड़े. लेकिन वह टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं थी.
इससे पहले, कप्तान शुभमन गिल (76) और जोस बटलर (64) के शानदार अर्धशतकों से गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ यहां नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुक्रवार को आईपीएल मुकाबले में 20 ओवर में छह विकेट पर 224 रन का मजबूत स्कोर बना लिया.
पहले खेलते हुए गिल और साई सुदर्शन ने 87 रन की जबरदस्त साझेदारी की. आईपीएल 2025 के 51वें मैच में गुजरात टाइटंस के ओपनर साई सुदर्शन ने 23 गेंद पर 48 रन की पारी खेली, अपनी आतिशी पारी के दौरान साई सुदर्शन ने टी-20 में 2000 रन पूरे किए और साथ ही एक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करने में सफलता हासिल की, साई सुदर्शन टी-20 क्रिकेट के इतिहास में बिना 0 पर आउट हुए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. साई सुदर्शन ने अबतक टी-20 में बिना 0 पर आउट हबुए कुल 2016 रन बनाने में सफलता हासिल कर ली है.





