भारत

दिल्ली-NCR में आफत की बारिश, आंधी और भारी बारिश ने ली कई लोगों की जान, विमान परिचालन प्रभावित

नई दिल्ली: मौसम में नाटकीय बदलाव के कारण शुक्रवार को दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में तेज हवाएं, धूल भरी आंधी और भारी बारिश हुई, जिससे तापमान में भारी गिरावट आई और दैनिक जीवन में व्यापक व्यवधान उत्पन्न हो गया.

शुक्रवार सुबह दिल्ली में हुई भारी बारिश के कारण एक दर्दनाक हादसा हुआ. जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई है. मरने वालों में तीन बच्चे शामिल हैं. जानकारी के अनुसार ये हादसा दिल्ली के द्वारका में हुआ है. तेज बारिश और तूफान के कारण एक घर पर पेड़ गिर गया. जिसके नीचे दबकर इनकी मौत हो गई. दिल्ली पुलिस के अनुसार खरखरी नहर गांव में खेत में बने ट्यूबवेल के कमरे पर पेड़ गिर गया. इस कमरे में कुल पांच लोग सो रहे थे. जिसमें से  4 लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया. मृतकों की पहचान 26 वर्षीय ज्योति और उसके तीन बच्चों के रूप में हुई है. जबकि ज्योति के पति अजय को मामूली चोटें आई हैं.

 

राजधानी में मौसम बदलने के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों का परिचालन प्रभावित हुआ.  हवाई अड्डे का संचालन करने वाली कंपनी ‘दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड’ (डीआईएएल) ने कहा कि खराब मौसम के कारण कुछ उड़ानें प्रभावित हुईं. ‘एअर इंडिया’ ने कहा कि प्रतिकूल मौसम के कारण उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में विमानों का परिचालन प्रभावित हुआ.

 

दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी है कि आज बेमौसम रिकॉर्ड बारिश से दिल्ली में कई जगह कुछ मात्रा में पानी रुका. सुबह 5:30 बजे से ही कई जगह जाकर स्तिथि का जायजा लिया. मिंटो ब्रिज पर जाकर देखा कि चारों पम्प चल रहे थे और ऑपरेटर भी तत्पर था. एक पाइप फट गया था जिसको ठीक करने के लिए बोला है. मॉनसून को देखते हुए नालों की सफाई लगातार pwd, mcd, djb, ndmc, ifc, द्वारा कराई जा रही है.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button